रायबरेली। कोरोना की चपेट में आने के बाद लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती वृद्धा ने शनिवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जिले में 25 से अधिक पुलिस कर्मियों के संक्रमित होने के बाद कोरोना शहर कोतवाली भी पहुंच गया। कोतवाली में तैनात उप निरीक्षक समेत 30 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही भी शामिल है।
खीरों क्षेत्र के बकुलिहा गांव में सगे भाइयों समेत छह लोगों के अलावा महराजगंज क्षेत्र के बल्ला गांव में 11 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी कोरोना संक्रमित मरीजों को रॉयन स्कूल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के ताड़तल्ला सब्जीमंडी रहने वाली 74 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित मिली थी। उसे लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। शनिवार को शहर कोतवाली में तैनात उप निरीक्षक व पुलिस लाइन के एक सिपाही की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिले में 30 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इसमें खीरों ब्लॉक के बकुलिहा गांव में सगे भाई समेत छह लोग संक्रमित मिले हैं।
महराजगंज क्षेत्र के बल्ला गांव के 11 लोग संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा महावीर सिंह, पूरे सत्य नारायण मजरे करकसा, अमर नगर, रनापुर, डीह, गणेशगंज आदि क्षेत्रों में भी कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। सभी मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के गांवों में शनिवार को 12 लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें 11 मरीज सीएचसी अमावां क्षेत्र में आने वाले बावन बुजुर्ग बल्ला गांव के हैं। एक मरीज महराजगंज सीएचसी के इंदौरा गांव का है। अमावां सीएचसी के प्रभारी डॉ. रोहित कटिहार ने बताया बावन बुजुर्ग बल्ला गांव में पाए गए सभी 11 लोगों को रॉयन स्कूल में भर्ती कराया गया है। गांव को कंटेंटमेंट जोन घोषित कर दिया गया है।
खीरों प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र के गांव बकुलिहा में शनिवार को छह मरीज संक्रमित पाए गए। इसमें एक 16 वर्षीय किशोरी व 12 वर्षीय व 20 वर्ष के सगे भाई संक्रमित मिले हैं। एक बुजुर्ग व दो अधेड़ भी संक्रमित हुआ है। सीएचसी खीरों प्रभारी डॉ. भावेश सिंह ने बताया कि संक्रमित मरीजों को रायन स्कूल के अस्पताल में भेजा गया है। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि गांव को पहले से ही कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।
संक्रमित होने के बाद विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराए गए 27 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। सभी को घर भेजा गया है। सीएमओ डॉ. संजय कुमार शर्मा ने बताया कि एल-3 एसजीपीजीआई लखनऊ और केजीएमयू से एक-एक मरीज स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किए गए हैं। इसके अलावा पेड हॉस्पिटल बटोही रिसॉर्ट से भी 16 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। रॉयन स्कूल के अस्पताल से नौ मरीज स्वस्थ होने के बाद घर पहुंचे हैं।
अमेठी जिले के तिलोई तहसील क्षेत्र के मोहनगंज थाने के कंप्यूटर ऑपरेटर व बहादुरपुर ब्लॉक के एक कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा तिलोई सीएचसी के लैब टेक्नीशियन व ऑपरेटर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएचसी तिलोई के अधीक्षक डॉ. अभिषेक शुक्ला ने बताया कि सीएचसी के लैब टेक्नीशियन व ऑपरेटर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मोहनगंज थाने के ऑपरेटर समेत दो लोग भी संक्रमित मिले हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएचसी फुरसतगंज अधीक्षक डॉ. एचपी यादव के नेतृत्व में टीम ने बसौनी व निगोहा गांव पहुंचकर लोगों की जांच की।