भदोखर थाना क्षेत्र के साड़बरा गांव में घरों के ऊपर से गुजरी विद्युत लाइन में शनिवार रात शॉर्ट सर्किट होने से तीन घरों में आग लग गई। इससे एक वृद्धा की जिंदा जलकर मौत हो गई। जबकि उसके दो बेटे गंभीर रूप से झुलस गए।
लपटों से तीनों घरों की नकदी, जेवरात समेत छह लाख रुपये का सामान भी जलकर राख हो गया। पुलिस ने लिखापढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साड़बरा गांव निवासी रामू प्रसाद अहमदाबाद में प्राइवेट फैक्ट्री में नौकरी करता है।
उसकी पत्नी राम प्यारी (60) और बेटे रामसुमेर, राजू गांव में रहते हैं। राम प्यारी और उसके दो बेटे अलग-अलग घर में रहते हैं। राम प्यारी के घर के ऊपर से बिजली की लाइन गुजरी है। शनिवार रात शॉर्टसर्किट के चलते चिंगारी छप्पर पर जा गिरी।
जिस समय आग लगी, उस समय राम प्यारी घर के अंदर सो रही थी। बीमार होने के चलने फिरने में लाचार थी। देखते-देखते आग ने राम प्यारी और उसके दोनों बेटों के घरों को अपने आगोश में ले लिया। राम प्यारी को बचाने के चक्कर में उसके दो बेटे भी झुलस गए।
इसमें गंभीर रूप से झुलसी राम प्यारी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसने मृत घोषित कर दिया गया। उसके झुलसे बेटों का अस्पताल में इलाज कराया गया। एसओ एसएन यादव फोर्स के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। अग्निकांड में नकदी, जेवरात, अनाज समेत छह लाख रुपये का सामान राख हो गया।
आग की तबाही ऐसी रही कि घर में खान-पान तक की सामग्री नहीं बची। पीड़ित रामसुमेर, राजू का कहना था कि घटना के बाद से होली की खुशियां गम में तब्दील हो गई हैं। पावर कॉर्पोरेशन की लापरवाही के चलते घटना हुई है। जर्जर तारों के आपस में टकराने के कारण शॉर्टसर्किट हुआ और घरों में आग लग गई।
एसडीएम सदर एसएन शुक्ला ने बताया कि साड़बरा गांव में आग लगने की घटना की जानकारी हुई है। क्षेत्रीय कानूनगो और लेखपाल को मौके पर भेजकर नुकसान का आंकलन कराया जा रहा है। पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाई जाएगी।