रायबरेली। शिवगढ़ क्षेत्र के पाराखुर्द निवासी वृद्ध की कोरोना से मौत हो गई। उनकी मौत मिम्स बाराबंकी के एल-3 अस्पताल में हुई है। जिले में कोरोना संक्रमण के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 92 हो गई है। शनिवार को जिले में 47 नए रोगी मिले हैं। इसमें जिला जेल में 16 व एनटीपीसी ऊंचाहार में पांच और मरीज मिले हैं। मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शहर में अग्निशमन विभाग की ओर से सैनिटाइजेशन का काम जारी रहा।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि शिवगढ़ क्षेत्र के पाराखुर्द गांव निवासी 65 वर्षीय वृद्ध की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट बीती सात अक्तूबर को आई थी। वृद्ध को पहले एल-1 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उसे रेल कोच के एल-2 अस्पताल में भेजा गया था, लेकिन हालत नाजुक होने पर उसे मिम्स बाराबंकी के एल-3 अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जिले में शनिवार को 47 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें जिला जेल में 16 नए केस मिले हैं। एनटीपीसी ऊंचाहार में भी पांच नए मिले हैं। इसके अलावा खीरों, शिवगढ़, शेषपुर समोधा, जवाहर विहार, रामपुर लालगंज, अमर नगर, मलिकमऊ, पुलिस लाइन, शिवदयालखेड़ा, आईटीबीपी डलमऊ, पूरे रावत, मटका, कटघर, सनही, पूरे हनुमंत सिंह में भी संक्रमित मरीज मिले हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आरके पांडेय ने बताया कि शहर में शनिवार को भी सैनिटाइजेशन का काम जारी रहा। मलिकमऊ, पुलिस लाइन, शांतिनगर, सिविल लाइन, पुलिस बूथ डिग्री कॉलेज चौराहा आदि स्थानों पर टीमों पहुंचकर सैनिटाइजेशन किया।