रायबरेली। कोरोना संक्रमित बुजुर्ग की गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। साथ ही 41 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। सीएचसी हरचंदपुर, सलोन व जिला कारागार में भी एक-एक मरीज मिले।
शहजौरा गांव में छह लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मरीजों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है।जिले में अब तक 93 लोगों की जान जा चुकी है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि 29 अक्तूबर को गुरुबख्शगंज के रहने वाले 80 वर्षीय वृद्ध की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। रेलकोच कारखाने के एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
हालत गंभीर होने के बाद कारण वृद्ध को लखनऊ के आरएमएल अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया था। इलाज के दौरान गुरुवार को वृद्ध की मौत हो गई। वहीं गुरुवार को जिले में कोरोना संक्रमित 41 लोग मिले हैं।
इसमें हसनापुर, पूरे शहादत, सराय श्रीबख्श, सुल्तानपुर खेड़ा, सीएचसी हरचंदपुर, बछरावां, जिला कारागार, चंपा देवी मंदिर, आचार्य द्विवेदी नगर, परसीपुर, फरीदपुर, सीएचसी सलोन, रामपुर, काजीपुरवा, जमुरावां में संक्रमित मरीज मिले हैं। सीएचसी हरचंदपुर व सलोन के साथ ही जिला कारागार में भी एक-एक संक्रमित मिले हैं।