सतांव-रोहनिया। शुक्रवार को सतांव विकास क्षेत्र के चंदौली, सराय दिगोसा, रोहनिया और उसरैना पंचायतों में ग्राम चौपालें आयोजित की गईं। इन चौपालों में अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
सतांव विकास क्षेत्र की चौपालों में कुल सात शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें परिवार रजिस्टर, जन्म प्रमाणपत्र और फैमिली आईडी से जुड़ी समस्याएं प्रमुख थीं। कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। चंदौली में दीपा सिंह को परिवार रजिस्टर की नकल मिली, जबकि सरोजनी देवी को फैमिली आईडी बनाकर दी गई।
सराय दिगोसा में कुलदीप को परिवार रजिस्टर की नकल दी गई और रानी के बच्चे के जन्म प्रमाणपत्र पर कार्रवाई हुई। रोहनिया की चौपाल में ग्रामीणों ने शौचालय, नल मरम्मत, वृद्धावस्था पेंशन और पीएम आवास की मांग की। एक ग्रामीण ने पीएम किसान सम्मान निधि न मिलने की शिकायत भी की। खंड विकास अधिकारी विजय शंकर त्रिपाठी ने सभी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।