जिले में 7 फरवरी को होने वाले ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर जोर आजमाइश चल रही है। वैसे तो सपा, भाजपा, कांग्रेस, बसपा की ओर से ब्लॉक प्रमुख के प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की गई है।
लेकिन इसको लेकर घमासान मचा हुआ है। विभिन्न दलों के नेता अपने चहेतों को समर्थन देकर चुनाव लड़वाने के लिए प्रयास कर रहे हैं।
हालांकि कौन नेता किसको चुनाव लड़वा रहा है, यह नामांकन के दौरान पता चलेगा। इतना जरूर है कि समर्थन करके चहेतों को ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी पर बैठाने के लिए भरसक प्रयास कर रहे हैं।
सूत्रों की मानें तो एक लाख से लेकर दो लाख रुपये तक बीडीसी सदस्यों को वोट के बदले देने की बात कही जा रही है। हालांकि इसको लेकर कोई खुलकर बोलने को तैयार नहीं है।
जिले में 18 ब्लॉक हैं। इन सभी ब्लॉकों में 1310 बीडीसी सदस्य नए ब्लॉक प्रमुखों की ताजपोशी करेंगे। तारीख नजदीक आने पर ब्लॉक प्रमुख चुनाव की सरगर्मी और बढ़ गई है।
7 फरवरी को होने वाले चुनाव को लेकर जिला प्रशासन जहां तैयारियां को अंतिम रूप देने में जुटा है। वही ब्लॉक प्रमुख का चुनाव जीतने के लिए संभावित दावेदार जोर आजमाइश में जुटे हैं।
यही वजह है कि संभावित दावेदार गांवों की खाक छान रहे हैं। सभी वोटर बीडीसी सदस्यों को अपने पाले में करने के लिए पूरे प्रयास कर रहे हैं।
विभिन्न दलों के नेता अंदर ही अंदर दावेदारों का समर्थन कर रहे हैं, लेकिन कोई खुलकर अपने पत्ते नहीं खोल रहा है।
ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर सोमवार से सभी ब्लॉकों में नामांकन फॉर्मों की बिक्री होगी।
एआरओ की मौजूदगी में नामांकन पत्रों की बिक्री प्रक्रिया कराई जाएगी। ब्लॉक प्रमुख के दावेदारों को संबंधित ब्लॉकों में नामांकन पत्र मिलेगा।
चुनाव के लिए नियुक्त किए गए सभी एआरओ से सकुशल नामांकन पत्रों की बिक्री कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।