रायबरेली। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के बंजर भूमि को अपने व भाइयों के नाम लिखाने की जांच शुरू हो गई है। ऐसे में भाजपा नेता की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अमावां ब्लॉक क्षेत्र के पूरे मोहन सिंह मजरे मखदूमपुर गांव निवासी किसान विजय सिंह ने बीती आठ सितंबर को संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत की थी कि पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ने स्वयं के अलावा अपने भाइयों के नाम बंजर भूमि को दर्ज करा लिया है। भूमि करीब पांच बीघे है, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये में है। इसके लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए।
पांच जून 2014 को भूमि लिखाने का जो आदेश तहसील से जारी किया गया है, वह भी फर्जी निकला है। बुधवार को भी विजय ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को पत्र देकर मामले की कार्रवाई कराने और भूमि को सरकारी अभिलेखों में दर्ज किए जाने की मांग की है। पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप यादव का कहना है कि कुछ लोग फंसाने के लिए उन पर फर्जी आरोप लगा रहे हैं। एसडीएम सदर प्रफुल्ल शर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई होगी।