रायबरेली। मौसम में बदलाव के साथ जिले में संक्रामक रोगों का प्रकोप बढ़ने लगा है। बुखार, जुकाम और डायरिया के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शनिवार को जिला अस्पताल में 22 से अधिक मरीजों को भर्ती कराया गया। ओपीडी में भी मरीजों की भीड़ रही। पर्चा, दवा और जांच काउंटरों पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शनिवार को ओपीडी खुलते ही सुबह पर्चा काउंटर पर मरीजों की लंबी कतार लग गई। पर्चा बनवाने के बाद मरीजों ने ओपीडी कक्षों के बाहर अपनी बारी का इंतजार किया। दवा लेने के लिए भी काउंटर पर लंबी लाइन लगी रही। पैथोलॉजी में रक्त की जांच कराने के लिए भी मरीजों की भीड़ रही। इसके अलावा एक्सरे कक्ष के बाहर भी लोग अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
बुखार और डायरिया की शिकायत पर जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे रामेंद्र (36), हर्षित (8), आनंद (5), आकृति (8), अंशिका (19), आर्या (1), सावित्री (11), यश (11), कनक (6) और अशोक (58) समेत अन्य मरीजों को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
चिकित्सक डॉ. सलीम ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण मरीजों की संख्या बढ़ी है। इस मौसम में बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर चिकित्सकीय सलाह लेकर समय से उपचार शुरू कराना चाहिए। उन्होंने लोगों से साफ-सफाई और खानपान को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी।