ऊंचाहार (रायबरेली)। एनटीपीसी की ऊंचाहार परियोजना में लगातार बिजली की मांग कम होने के कारण उत्पादन घटाया जा रहा है। इसी कारण गुरुवार को 210 मेगावाट क्षमता की एक यूनिट को बंद कर दिया गया। इसकी वजह आपूर्ति वाले इलाकों में बिजली की मांग कम होना है। इसकी वजह देश में फैले कोरोना को माना जा रहा है।
एनटीपीसी के जनसंपर्क अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि रिजर्व शटडाउन के चलते एक यूनिट को बंद किया गया है। मांग के अनुरूप बिजली का उत्पादन किया जा रहा है। इसके बावजूद दूसरी यूनिटों को कम भार पर चलाया जा रहा है, लेकिन बिजली की मांग लगातार घटती जा रही है। यूनिटों में मांग के अनुसार बिजली का उत्पादन किया जा रहा है।
एनटीपीसी के सूत्रों ने बताया कि गुरुवार को ऊंचाहार परियोजना में 210 मेगावाट क्षमता की यूनिट एक को 117 मेगावाट, तीन नंबर यूनिट को 130 मेगावाट, पांच नंबर यूनिट को 135 मेगावाट तथा 500 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट नंबर 6 को 289 मेगावाट के भार पर चलाया जा रहा।
ऊंचाहार परियोजना में 210 मेगावाट प्रत्येक यूनिट क्षमता वाली कुल 5 यूनिट स्थापित हैं, जबकि 500 मेगावाट क्षमता वाली 6 नंबर यूनिटक स्थापित है। परियोजना की कुल उत्पादन क्षमता 1550 मेगावाट है। पहले परियोजना की सभी इकाइयों को कम भार पर चलाया जा रहा था।
इसके बाद करीब दस दिन पहले परियोजना में 210 मेगावाट क्षमता की दो नंबर यूनिट में कुछ तकनीकी खराबी आई, जिससे इस यूनिट को बंद किया गया। खराबी ठीक होने के बाद भी मांग न होने के कारण इस यूनिट को चलाया नहीं गया।