लालगंज (रायबरेली)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 21 दिनों की देशव्यापी लॉकडाउन की घोषणा के बाद जीएम वीएम श्रीवास्तव ने आरेडिका के लॉकडाउन को बढ़ाकर 25 मार्च से बढ़ाकर 14 अप्रैल तक कर दिया है। आरेडिका के प्रबंधन की ओर से इस अवधि तक कार्यालय एवं कारखाने को बंद करने के निर्देश दिये गए हैं। इस दौरान वर्क फ्रॉम होम एवं आवश्यक सेवाओं से संबंधित कार्य जारी रहेंगे।
जीएम ने बताया कि आरेडिका में इस समस्या से निपटने के लिए कारगर प्रबंध किये गये है। विशेषकर संविदा एवं रेल कर्मियों को संबंधित विभागों द्वारा निगरानी एवं संरक्षण में रखा जा रहा है। कॉलोनी एवं कारखाना परिसर में आवाजाही पर कड़ा प्रतिबंध लगाया गया है। किसी भी व्यक्ति द्वारा अकारण पर भ्रमण एवं आवाजाही पर कार्रवाई की जा सकती है।
स्थानिय प्रशासन की तर्ज पर आरेडिका स्थित शॉपिंग कॉम्पलेक्स में भी होम डीलवरी की व्यवस्था की गई है ताकि भीड़ एकत्रित होने से बचा जा सके। आरेडिका में 24 घंटे मेडिकल इमरजेंसी कन्ट्रोल रूम तथा उप महाप्रबंधक/सामान्य की निगरानी में कोविड समन्वय कन्ट्रोल कि स्थापना की गई है।
समन्वय कन्ट्रोल द्वारा कोविड संबंधी दैनिक गतिविधियों की समीक्षा एवं अनुवर्ती कार्रवाई निर्देशित की जा रही है। महाप्रबंधक ने सभी कर्मचारी एवं उनके परिवारों परिवारों से अपील की है कि वे अपने घर से अनावश्यक बाहर नहीं निकलें।