ऊंचाहार (रायबरेली)। बिजली की मांग कम होने से एनटीपीसी प्रबंधन को परियोजना की एक, दो व छह नंबर यूनिट को बंद करना पड़ा। इससे परियोजना में बिजली उत्पादन कम हो गया। अधिकारी मांग बढ़ने पर यूनिटों को दोबारा चालू करने की बात कह रहे हैं।
एनटीपीसी परियोजना में पांच यूनिट 210-210 मेगावाट बिजली का उत्पादन करती हैं जबकि छठवीं यूनिट 500 मेगावाट बिजली उत्पादन करती है। सभी यूनिटों से 1550 मेगावाट बिजली उत्पादन होता है।
परियोजना के अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी क्षेत्र लोड डिस्पेच सेंटर ने बिजली की मांग कम होने की वजह से यूनिट बंद करने का निर्देश दिया है। इसके बाद गुरुवार की सुबह परियोजना की एक, दो व छह नंबर यूनिट को बंद कर दिया गया।
यूनिटों के बंद होने से परियोजना से 920 मेगावाट बिजली का उत्पादन कम हो गया। इस समय परियोजना की तीन, चार व पांचवीं यूनिट से सिर्फ 630 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जा रहा है। परियोजना की जनसंपर्क अधिकारी कोमल शर्मा ने बताया कि बिजली की मांग कम होने से यूनिटों को बंद किया गया है। मांग बढ़ने पर इन्हें फिर चालू किया जाएगा।