ऊंचाहार। एनटीपीसी परियोजना से अरखा ऐश पॉन्ड को जाने वाली ऐश पाइपलाइन में शुक्रवार को रिसाव हो गया। इस घटना के कारण पानी के साथ राख बाहर निकलने लगी। सूचना मिलने के बाद परियोजना प्रबंधन ने पाइपलाइन से राख निस्तारण रोक दिया है। रिसाव के चलते यूनिटों से बिजली उत्पादन भी कम करना पड़ा है। पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया है।
एनटीपीसी परियोजना में कुल छह कोयला आधारित यूनिटें स्थापित हैं। इनकी कुल क्षमता 1550 मेगावाट बिजली उत्पादन की है। इनमें पांच यूनिटें 250-250 मेगावाट और छठी यूनिट 500 मेगावाट बिजली बनाती है। बिजली बनाने के दौरान कोयले से निकलने वाली राख को पानी के साथ पाइपलाइन के माध्यम से अरखा गांव में बने ऐश पॉन्ड भेजा जाता है।
शुक्रवार की शाम पाइपलाइन में दबाव अधिक होने के चलते रिसाव हुआ। दबाव के कारण पाइपलाइन का छेद बढ़ता गया और तेजी से पानी के साथ राख बाहर निकलने लगी। सूचना पर प्रबंधन ने तुरंत पाइपलाइन से राख निस्तारण रोक दिया और मरम्मत के लिए टीम को मौके पर भेजा। परियोजना की जनसंपर्क अधिकारी सलोनी शर्मा ने बताया कि पाइपलाइन से राख निस्तारण रोका गया है और मरम्मत कराई जा रही है।