ऊंचाहार (रायबरेली)। आंगनबाड़ी केंद्रों का समय से ताला न खुलने के मामले में सीडीपीओ सत्यजीत सिंह ने दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब तलब किया है। सीडीपीओ की कार्रवाई से कर्मचारियों खलबली मची हुई है।
30 अप्रैल को अमर उजाला की टीम ने आंगनबाड़ी केंद्रों की पड़ताल की थी। उस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र पूरे प्रसाद व पूरे लल्ला पांडेय (खरौली) में ताला बंद मिला। वहां तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका नदारद रहीं।
ग्रामीणों ने बताया कि केंद्र के खुलने और बंद होने का कोई समय नहीं है। खबर बृहस्पतिवार के अंक में शीर्षक- समय पर नहीं खुलते आंगनबाड़ी केंद्र, लगा रहता है ताला... से प्रमुखता से प्रकाशित हुई तो दोनों केंद्रों की कार्यकर्ताओं से स्पष्टीकरण मांगा गया।