रायबरेली। बेलाभेला सीएचसी क्षेत्र के दूलागंज में बुधवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर एंबुलेंस को फोन किया गया। कई बार प्रयास के बाद भी फोन न मिलने पर परिवार के लोग प्रसूता को ऑटो पर बैठाकर अस्पताल के लिए निकले। औघड़नाथगंज गांव के पास पहुंचने पर दर्द बढ़ गया। किसी तरह परिवार के लोगों ने रायबरेली-प्रतापगढ़ हाईवे के किनारे प्रसव कराया।
जच्चा-बच्चा स्वस्थ होने के कारण परिजन उन्हें लेकर घर चले गए। सूचना मिलने पर बेलाभेला सीएचसी के अधीक्षक ने एएनएम को प्रसूता के घर जाकर जच्चा-बच्चा की सेहत की जांच के आदेश दिए। बुधवार सुबह बेलाभेला सीएचसी क्षेत्र के दूलागंज निवासी सुगी पत्नी विशाल को प्रसव पीड़ा बढ़ गई। परिवार के लोगों के मुताबिक, एंबुलेंस को कई बार फोन किया गया, लेकिन फोन पर बात नहीं हो सकी।
लगातार प्रसव पीड़ा बढ़ रही थी। किराए पर ऑटो बुलाकर प्रसूता को अस्पताल पहुंचाने के लिए घर के लोग निकले। औघड़नाथगंज गांव के पास पहुंचते ही दर्द बढ़ गया। ऑटो पर मौजूद महिलाओं ने किसी तरह प्रसव कराया। प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
बेलाभेला सीएचसी अधीक्षक व डिप्टी सीएमओ डॉ. राकेश यादव का कहना है कि एंबुलेंस को फोन नहीं किया गया। ऑटो से प्रसूता को अस्पताल लाया जा रहा था। रास्ते में प्रसव होने के बाद जच्चा-बच्चा को लेकर घर चले गए। एएनएम को प्रसूता के घर जाकर जच्चा-बच्चा की सेहत जांचने के निर्देश दिए गए हैं।