लालगंज। क्षेत्र के डलमऊ रोड स्थित डिहवा चौराहा पर चल रहे टूर एंड ट्रैवल के दो संचालकों पर विदेश भेजने के नाम पर नौ लोगों से करीब 10 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस को संयुक्तरूप से प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
फतेहपुर जिले के बिंदकी थाना क्षेत्र के ठिठौरा गांव निवासी राकेश कुमार, आनंद कुमार, राजकुमार, सनी और जाफराबाद व पांडेपुर के अर्जुन व पप्पू सिंह, फतेहपुर के प्रेमचंद, प्रमोद और जय सिंह ने बताया कि आरोपियों ने अजरबैजान का डुप्लीकेट वीजा देने के नाम पर उनसे नौ लाख 90 हजार रुपये ले लिए। पीड़ित 29 नवंबर को सभी कागजातों के साथ दिल्ली पहुंचे।
दूतावास में जानकारी लेने पर उन्हें पता चला कि वीजा फर्जी है। मजबूरी में उन्हें महिपालपुर पुल के नीचे रात बितानी पड़ी। लौटने पर उन्होंने पाया कि आरोपी दफ्तर बंद कर भाग चुके हैं। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता फतेहपुर जिले के रहने वाले हैं और रुपयों का लेनदेन भी वहीं हुआ है। इसलिए उन्हें संबंधित थाने में मामला दर्ज कराने की सलाह दी गई है।