रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के कांसो पहाड़पुर में धर्मांतरण के मामले को लेकर रविवार को हिंदू संगठनों ने हंगामा किया और प्रभावी कार्रवाई को लेकर आवाज उठाई।
हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस पांच युवतियों समेत नौ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। कहा जा रहा है कि कुछ लोग गांव में चौपाल लगाकर हिंदुओं का धर्मांतरण करा रहे थे।
मौके से कुछ धार्मिक पुस्तकें भी बरामद की गई हैं। विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस घटना की पड़ताल कर रही है।
कासो पहाड़पुर गांव में एक धर्म सभा का आयोजन कर हिंदू धर्म के लोगों का धर्मांतरण कराए जाने की सूचना पर हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने गांव पहुंचकर हंगामा करना शुरू कर दिया।
धर्मांतरण कराने वालों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। जानकारी मिलने पर थानेदार अनिल सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने पर कई लोग मौके से फरार हो गए, जबकि पांच युवतियों समेत नौ लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर थाने ले आई।
साथ ही पुलिस ने मौके से धार्मिक पुस्तकें भी बरामद की। थानेदार ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष पवन कुमार श्रीवास्तव की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले में रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।