रायबरेली। पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई ने अपने पीआरओ पंकज त्रिपाठी को सलोन कोतवाली की जिम्मेदारी दी है। पदभार संभालने के बाद नए कोतवाल ने तेजी दिखाते हुए रविवार को मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक आरोपी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के पूरे गड़रियन मजरे बरवलिया गांव में बुधवार को दो समुदायों के बीच विवाद हो गया था। पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया था। शुक्रवार को लखनऊ रेंज की आईजी लक्ष्मी सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया था। मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। साथ ही मामले में लापरवाही बरतने पर इंस्पेक्टर बृजमोहन सिंह को सस्पेंड कर दिया था।
देर रात ही एसपी ने अपने पीआरओ को नए सलोन कोतवाल के रूप में तैनाती दे दी। कोतवाल पंकज त्रिपाठी का कहना है कि पूरे गड़रियन मजरे बरवलिया गांव निवासी मो.वारिस, मो.इस्माइल, मारुफ खान, मो.इरफान खान, मो.जुबैर को पकड़कर जेल भेज दिया गया है। वहीं मो.वसीम खान फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।