यूपी के रायबरेली में शराब पीने के लिए पैसा नहीं देने पर सोमवार रात डंडे से पीटकर भतीजे ने चाची की हत्या कर दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले में कार्रवाई करने की बात कह रही है।
घटना बछरावां कोतवाली क्षेत्र के पश्चिम गांव की है। बड़ मानुष समाज से ताल्लुक रखने वाली गांव निवासी सोना देवी घर पर अकेली रहती थी। उसके घर के पास परिवार के अन्य लोग रहते हैं। बताते हैं कि रात करीब 11 बजे सोना के परिवार का युवक शराब पीने के लिए पैसा मांग रहा था। उन्होंने पैसा देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर विवाद होने लगा। एक अन्य युवक भी मौके पर पहुंच गया।
बात इतनी बढ़ी कि युवक ने सोना के सिर पर डंडे से दो बार प्रहार कर दिया। इससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। पुलिस जांच में पता चला कि घटना के समय सोना नशे में थी। उस पर डंडे से वार किया गया। इसके बाद सोना समेत अन्य परिजन सो गए थे। मंगलवार सुबह सोना दर्द से कराह रही थी। उसे सीएचसी के बाद जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि अब तक की जांच में शराब का पैसा न देने पर भतीजे पर बुआ की हत्या किए जाने की बात सामने आई है। घटना की और क्या असलियत है, इस बारे में लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना से संबंधित कोई तहरीर अब तक नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई होगी। मृतका सोना के भतीजे समेत अन्य लोगों से घटना के बारे में पूछताछ की जा रही है।