खीरों (रायबरेली)। नोटिस मिलने से खफा झोलाछाप ने मंगलवार शाम अपने साथियों के साथ सीएचसी खीरों में धावा बोल दिया। अधीक्षक के साथ गालीगलौज करते हुए न सिर्फ जानमाल की धमकी दी, बल्कि तोड़फोड़ की। इससे परिसर में मौजूद मरीज भी सहम गए। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत मेंं लिया है। अन्य हमलावर फरार हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरा बवाल कैद हो गया है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. इफ्तिखार अहमद मंगलवार शाम करीब चार बजे अपने कक्ष में बैठकर काम निपटा रहे थे। इसी दौरान झोलाछाप करीब 25 साथियों के साथ बाइकों पर सवार होकर सीएचसी खीरों पहुंच गया। हमलावर अधीक्षक के आवास पहुंच गया। वह नहीं मिले तो तोड़फोड़ की। इसके बाद आरोपी अस्पताल स्थित अधीक्षक के कक्ष पहुंच गया। अस्पताल में रखे सामान को फेंक दिया। कुर्सियां तोड़ दीं। अधीक्षक के साथ गालीगलौज करते हुए जानमाल की धमकी दी। सूचना मिलते ही थानेदार देवेंद्र कुमार अवस्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस के पहुंचने पर हमलावर भाग गए। हालांकि पुलिस ने दो लोगों को पकड़ लिया।
अधीक्षक डॉ. इफ्तिखार अहमद ने बताया कि लल्लाखेड़ा गांव के पास एक झोलाछाप क्लीनिक चलाता है। उसे 29 जनवरी को नोटिस दिया गया था। इससे नाराज होकर उसने साथियों के साथ अस्पताल पहुंचकर बवाल किया। थानेदार ने बताया कि अधीक्षक ने घटना की तहरीर दी है। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।