फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raebareli News: नाली के विवाद में पीटकर युवक की हत्या

Mon, 07 Apr 2025 01:09 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रायबरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
सरेनी (रायबरेली)। नाली के विवाद में लाठी-डंडों से पीट-पीटकर एक युवक की हत्या कर दी गई। आरोप है कि ईंटों से भी हमला किया गया। इससे युवक के पीठ, सिर पर गंभीर चोटें आई। पिता की तहरीर पर गांव के ही चार युवकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है।
विज्ञापन


सरेनी बाजार के मोनी मोहल्ला निवासी राजेंद्र कुमार तिवारी के मुताबिक उनका बेटा अतुल उर्फ गुड्डन (42) घर पर ही रहता था। शनिवार को पड़ोसी अजय वर्मा का नाली की साफ-सफाई को लेकर उनके बेटे से विवाद हो गया। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया था।

पिता ने बताया कि कुछ देर बाद दोपहर करीब 12 बजे उनका बेटा बाजार जा रहा था। इसी दौरान अजय वर्मा ने गांव के ही रहने वाले अपने साथियों पुनीत सिंह, बउवा, करन प्रजापति के साथ मिलकर उनके बेटे पर लाठी-डंडों व ईंटों से हमला कर दिया। इसमें बेटे को गंभीर चोटें आईं। बेटे के कहने पर उसका इलाज कराने अस्पताल नहीं ले गए थे। पुलिस को भी घटना की सूचना नहीं दी थी।
विज्ञापन


रविवार सुबह बेटे की घर पर ही मौत हो गई। युवक की हत्या की सूचना पर पुलिस अफसरों ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया और सबूत जुटाए। उधर, थाना प्रभारी शिवाकांत पांडेय ने बताया कि पिता की तहरीर पर चारों युवकों पर केस दर्ज कर लिया गया है।

घर का इकलौता चिराग था अतुल
घर के इकलौते बेटे अतुल की हत्या से परिजनों में कोहराम मचा है। पिता के अलावा मां सुशीला तिवारी, बहन अलका, वेदिका के आंसू नहीं थम रहे हैं। गमगीन मां की जुबां ये यही बात निकल रही है कि कोई उन्हें उनके बेटे से मिला दे। पिता के मुताबिक उनके बेटे की शादी हो गई थी। पत्नी से अनबन होने के कारण दोनों में अलगाव हो गया था। परिजन सभी आरोपियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

परशुराम सेना के पदाधिकारी पहुंचे गांव, जताई नाराजगी
युवक की हत्या की सूचना पर अखिल भारतीय परशुराम सेना के पदाधिकारी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। प्रदेश अध्यक्ष पंडित अवनीश पांडेय, संगठन महामंत्री दीपप्रकाश शुक्ला ने कहा कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो परशुराम सेना मुख्यमंत्री इस मामले को पहुंचाएगी। आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। जिस तरह युवक की हत्या की गई है, उससे जाहिर है कि सुरक्षा व्यवस्था जिले में मजाक बनकर रह गई है। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष लालगंज मनोज अवस्थी, अभिषेक अवस्थी, रिशु वाजपेयी मौजूद रहे।

चार टीमें गठित, घटना की कराई जा रही जांच
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि युवक की हत्या के मामले में केस दर्ज करा दिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी, एसओजी समेत चार पुलिस टीमें गठित की गई है। मारपीट की घटना के बाद इलाज कराने के लिए युवक को अस्पताल क्यों नहीं ले गए थे, इसकी जांच भी कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता चल पाएगा कि शरीर के किन हिस्सों में चोट आने से युवक की मौत हुई।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें