परशदेपुर (रायबरेली)। नसीराबाद पुलिस ने शुक्रवार को युवक की हत्या में शामिल तीन आरोपियों को 24 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार जमीनी विवाद में बेलचा से वार करके युवक को मौत के घाट उतारा गया था। वहीं घटना में शामिल एक महिला फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के पुलिस प्रयास कर रही है।
नसीराबाद थाने में सीओ सलोन रामकिशोर सिंह ने घटना का पर्दाफाश किया। उन्होंने बताया कि नसीराबाद थाना क्षेत्र के पूरे ब्रम्हचारी मजरे बिरनावां गांव में गुरुवार शाम सहन के सामने की जमीन को लेकर राजेंद्र कुमार और श्रवण कुमार के बीच विवाद हो गया था। श्रवण ने परिवार के साथ मिलकर राजेंद्र पर धावा बोल दिया था। बेलचा से वार करके राजेंद्र को मौत के घाट उतार दिया था। घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक नित्यानंद राय ने पहुंचकर मामले में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
सीओ ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर श्रवण कुमार, लालबाबू, लालती और रानी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। घटना में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थानेदार रविंद्र सोनकर की अगुवाई में पुलिस टीम गठित कर दी गई। थानेदार ने पुलिस टीम के साथ घटना में शामिल आरोपियों को 24 घंटे के अंदर ही रामगंज के पास से दबोच लिया। इसमें श्रवण कुमार, लालबाबू और लालती को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया। वहीं फरार आरोपी रानी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है। थानेदार ने बताया कि घटना में प्रयुक्त किया गया आला कत्ल भी बरामद कर लिया गया है।