तिलोई (रायबरेली)। अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में कोटेदार के भाई की गोली मारकर हुई हत्या के मामले में मंगलवार को पूर्व प्रधान समेत सात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया हुआ है।
गांव में तनाव को देखते हुए कई थानों की फोर्स के अलावा पीएसी तैनात कर दी गई है। पंचायत चुनाव की रंजिश के चलते हत्या की घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है।
हत्याकांड में पूर्व प्रधान समेत तीन हत्या आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। जिस तरह वारदात को अंजाम दिया गया, उससे क्षेत्र में दहशत और भय का माहौल है।
कटोरवा मजरे फूला निवासी कोटेदार के भाई लल्लन सिंह (55) गांव के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान सरजू प्रसाद पासी के घर सोमवार को मुंडन समारोह शामिल होने गए थे।
देर रात निमंत्रण के बाद लल्लन गांव के ही अखिलेश के साथ बाइक से घर जा रहे थे। बाइक अखिलेश चला रहे थे। जैसे ही दोनों गांव के पास काली मंदिर के पास पहुंचे, वहां पहले से मौजूद हमलावरों ने बाइक के सामने खड़े होकर हमला बोल दिया था।
दोनों कुछ समझ पाते तब तक हमलावर अखिलेश को लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया और लल्लन सिंह पर लाठियों से वार शुरू कर दिए। हमलावर दोनों की पिटाई करने के बाद बाइक के पीछे बैठे लल्लन सिंह के सीने पर फायर झोंक दिया, जो खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। सामने से बोलेरो आती दिखने पर हमलावर फरार हो गए थे। सीएचसी में लल्लन सिंह की मौत हो गई थी।
घटना की सूचना गांव पहुंचते ही हड़कंप मच गया। गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने के पश्चात भारी पुलिस बल तथा पीएसी गांव में तैनात कर स्थिति को काबू तथा शांति व्यवस्था बनाने में पुलिस बल लगा दिया गया।
मोहनगंज के अलावा शिवरतनगंज, मोहनगंज, फुरसतगंज, जायस कोतवाली के अलावा पीएसी की एक बटालियन गांव में तैनात कर दी गई है। मृतक के परिवारीजनों में कोहराम मचा है।
ग्रामीण भी लल्लन की हत्या से गमगीन हैं और उनमें गुस्सा है। सभी हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मोहनगंज थानेदार भरत उपाध्याय ने बताया कि चुनावी रंजिश में घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है।
मृतक के भाई बृजेश कुमार सिंह की तहरीर पर नारेंद्र सिंह उर्फ पिंकू सिंह, रवींद्र सिंह, रोहित सिंह, अमरेश सिंह उर्फ लल्लन सिंह, अंकुर सिंह, पूर्व प्रधान मान सिंह, पूर्व प्रधान अमृतलाल के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इसमें पूर्व प्रधान अमृतलाल, अमरेश बहादुर सिंह व अंकुर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।
छोटे भाई की गोली मारकर की गई थी हत्या
मृतक के पिता रामलखन सिंह व रामनरेश सिंह दो भाई थे। रामनरेश के तीन पुत्र लल्लन सिंह, राजेश सिंह व बृजेश सिंह थे। मृतक के छोटे भाई राजेश सिंह शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा गौड़ा मजरे दादूपुर में क्लीनिक खोलकर परिवार चलाते थे। करीब छह वर्ष पहले अज्ञात हमलावरों ने क्लीनिक पर ही राजेश की गोली मार कर हत्या कर दी थी। इसके अब लल्लन सिंह की बेरहमी के साथ हत्या कर दी गई।