रायबरेली। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के बरजोरखेड़ा मजरे ढोढवापुर गांव में हुई मासूम की हत्या के मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने घटनास्थल का जायजा लेकर पूरे मामले की जांच की।
साथ ही कई बिंदुओं पर घटना की जांच भी शुरू करा दी है। एएसपी का मानना है कि जिस तरह घर से अचानक मासूम गायब हुआ और उसका शव कुएं में पाया गया। यह हैरान करने वाला है।
शिवगढ़ थाना क्षेत्र के बरजोर खेड़ा मजरे ढोढ़वापुर गांव में 01 सितंबर की रात तीन साल का कुलदीप अपनी मां के साथ घर के अंदर सो रहा था। इसी बीच वह अचानक गायब हो गया था। बाद में मासूम का शव घर से 300 मीटर दूर स्थित कुएं में पाया गया था।
परिवारीजनों ने पड़ोसियों पर बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। अपर पुलिस अधीक्षक का कहना है कि मासूम की मौत का मामला गंभीर है। जिस तरह घटना हुई, उससे मासूम की हत्या से इंकार नहीं किया जा सकता है। घर के अंदर मासूम मां के साथ सो रहा था।
रात के वक्त मासूम घर से बाहर कैसे आ सकता था। ऐसे में आशंका है कि कोई ऐसा व्यक्ति था, जो घर के अंदर गया और मासूम को बाहर लाया। जब तक कोई साक्ष्य नहीं मिलते, इस पर ज्यादा कुछ कहा नहीं जा सकता।
उनका कहना है कि कई बिंदुओं पर जांच कराई जा रही है। जल्द घटना का पर्दाफाश करके मासूम की मौत की सच्चाई सामने लाएगी। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।