अमेठी जिले के फुरसतगंज थाना क्षेत्र के पूरे कल्लू दुलमी मजरे पोठई गांव में गुरुवार की रात कच्ची कोठरी ढहने से महिला और उसके दो बेटों की मौत हो गई। हादसे में दुधमुंही बच्ची समेत तीन लोग घायल भी हो गए। घायलों को सीएचसी के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
यह हादसा उस समय हुआ, जब सभी कोठरी के अंदर बनी रसोई में खाना खा रहे थे। सूचना पर एसडीएम और सीओ घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीएम ने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा दिया।
पूरे कल्लू दुलमी गांव निवासी सुख बहादुर सिंह उर्फ पुत्तू सिंह ट्रक चालक है। इस समय वह ट्रक लेकर बाहर गया हुआ है। रात करीब आठ बजे सुख बहादुर की पत्नी बिंदेश्वरी परिवार के साथ खाना खा रही थी।
इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ कच्ची कोठरी भरभराकर ढह गई। मलबे में परिवार के सभी छह सदस्य दब गए। चीख-पुकार पर पड़ोसी पहुंचे और मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला।
इस दौरान बिंदेश्वरी (45), उसके बेटे विकास सिंह (14) और अंतिम सिंह (13) दम तोड़ चुके थे। मृतका बिंदेश्वरी का सबसे बड़ा बेटा मोनू सिंह (16) रक्षाबंधन मनाने के लिए घर आई बेटी शिल्पा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गई।
शिल्पा की तीन दिन की बच्ची को भी चोटें आई हैं। तीनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फुरसतगंज और वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। एसडीएम और सीओ का कहना है कि पीड़ित परिवार को मदद दिलाई जाएगी।
बताया जा रहा है कि घर में सीलन होने के कारण कोठरी ढही। थानाध्यक्ष एपी तिवारी का कहना है कि हादसे में तीन लोगों की मौत और तीन घायल हुए हैं। घायलों का इलाज कराया जा रहा है।