जांच में कलई खुलने के बाद बीएसए ने कार्रवाई की है। इसके अलावा बीएसए के निरीक्षण में राही ब्लॉक क्षेत्र के स्कूलों में गैरहाजिर मिले चार टीचरों को नोटिस देते हुए जवाब मांगने के साथ वेतन काटने की चेतावनी दी है।
शासन के निर्देश पर जिले में पांच वर्ष में स्कूलों में एमडीएम के लिए आए अनाज की जांच की जा रही है। डीएम के जनता दरबार में हुई शिकायत पर बीएसए ने सतांव ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक स्कूल पोरई में एमडीएम की जांच कराई।
जांच सतांव के बीईओ सुनील कुमार ने की। जांच में करीब 20 क्विंटल एमडीएम का अनाज डकारने का मामला पकड़ में आया है।
जांच रिपोर्ट आने के बाद बीएसए ने प्राथमिक स्कूल पोरई के हेडमास्टर अशोक कुमार यादव को तत्काल प्रभाव निलंबित करते हुए उसे बीईओ सतांव कार्यालय से संबद्ध कर दिया है।
बताते चलें कि एमडीएम के अनाज की जांच में अब तक नौ हजार क्विंटल से अधिक अनाज डकारने का मामला पकड़ में आया है।
इसमें कइयों पर कार्रवाई हो चुकी है। सतांव ब्लॉक क्षेत्र के पोरई के ग्राम प्रधान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। शिवगढ़ ब्लॉक क्षेत्र के बैंती के ग्राम प्रधान ने वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिए गए।
18 हेडमास्टरों को चेतावनी भी दी गई है। 200 से अधिक ग्राम प्रधानों को कारण बताओ नोटिस देकर अनाज वापस करने के आदेश दिए गए हैं।
अनाज वापस न करने पर प्रधानी के चुनाव में अनापत्ति प्रमाणपत्र न देने की चेतावनी दी गई है। अनाज घपले की जांच अभी चल रही है। कइयों पर गाज गिर सकती है।
इसके अलावा बीएसए ने राही ब्लॉक क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक स्कूल अयासपुर डीही का निरीक्षण किया। जहां हेडमास्टर सलमा खातून स्कूल देर से पहुंची तो उन्हें कठोर चेतावनी दी।
शिक्षिका पूनम सिंह व विद्या देवी गैर हाजिर मिली। दोनों का एक-एक दिन का वेतन काटा जाएगा। पूर्व माध्यमिक स्कूल उमरा में हेडमास्टर माया देवी गैरहाजिर मिलीं। उन्हें भी नोटिस देकर वेतन काटने की चेतावनी दी है।
बीएसए रामसागर पति त्रिपाठी ने बताया कि एमडीएम में गड़बड़ी मिलने पर दोषियों को निलंबित किया जाएगा। यही नहीं समय से स्कूल न पहुंचने वाले शिक्षकों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।