रायबरेली। जिले में 14 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए पिछले फरवरी माह से शुरू हुए एचपीवी टीकाकरण अभियान में लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की गई है। निर्धारित 40,615 किशोरियों के लक्ष्य के सापेक्ष 40,837 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है। जो लक्ष्य का 100.5 फीसदी है।
डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने उपलब्धि के लिए स्वास्थ्य विभाग की सराहना करते हुए कहा कि यह स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व स्वास्थ्यकर्मियों के साथ शिक्षा, बाल विकास पुष्टाहार विभाग व अन्य विभागों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और प्रभावी कार्ययोजना को दर्शाती है। किशोरियों को एचपीवी संक्रमण से बचाव और भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने की दिशा में एचपीवी टीकाकरण एक महत्वपूर्ण कदम है। सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शुक्ला ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य से अधिक टीकाकरण स्वास्थ्य विभाग की टीमों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम है। स्वास्थ्यकर्मियों ने स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से किशोरियों तक पहुंच बनाई। आशा और एएनएम की सक्रिय भूमिका से समुदाय में टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ी और अभिभावकों का सहयोग मिला। जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि जिले में निर्धारित सत्रों के माध्यम से निर्धारित लक्ष्य का 100.5 प्रतिशत टीकाकरण पूरा किया गया है।