रायबरेली। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेला का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के कारण मरीज कम आए, लेकिन डायरिया और पेट दर्द की समस्या के अधिक मरीजों ने इलाज कराया। रविवार को आरोग्य मेले में 2879 मरीजों ने पंजीकरण कराया। इसमें पेट की बीमारी से संबंधित 366 व बुखार के 362 मरीजों का चिकित्सकों ने इलाज किया।
डीह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेतौरा में मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में 68 मरीजों ने पंजीकरण कराया। डाॅ. डीएन चौधरी की टीम ने रोगियों का उपचार किया और दवाएं दी। चिकित्सक ने बताया कि गर्मी के कारण डायरिया और पेट दर्द के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। लोगों को खानपान में ध्यान देने की सलाह दी जा रही है।
जगतपुर के हरदी टीकर पीएचसी में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें 72 मरीजों ने पंजीकरण कराया। आरोग्य मेले की अध्यक्षता चिकित्सक सुफैल अहमद ने की। मेले में 37 पुरुष 28 महिलाएं व सात बच्चों का उपचार किया गया।
जिले भर में आयोजित आरोग्य मेले में 1309 महिला और 1190 पुरुष मरीज इलाज कराने के लिए पहुंचे।
कोविड हेल्प डेस्क में 206 मरीजों की जांच की गई। बुखार के 362 मरीज आए, जिनको पीएचसी पर दवा दी गई। 44 मरीज मलेरिया के इलाज के लिए पीएसची पर पहुंचे। सांस रोग से परेशान 241 मरीजों का इलाज किया गया।