रायबरेली में पत्रकारों से वार्ता करते बेसिक शिक्षामंत्री अहमद हसन
- फोटो : अमर उजाला
बेसिक शिक्षा मंत्री अहमद हसन ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार आरएसएस के एजेंडे पर काम कर रही है। सांप्रदायिक सौहार्द्र को बिगाड़ने का भी प्रयास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी योगा पर ध्यान दे रहे हैं, लेकिन विकास के वादे को भूलने के बाद देश की स्थिति खराब हो रही है।
हालांकि माध्यमिक शिक्षामंत्री बलराम यादव को लेेकर किए गए सवाल पर चुप्पी साध गए। बेसिक शिक्षामंत्री शनिवार को यहां तकिया में राबे हसन नदवी के आवास पर मुलाकात करने के बाद लोक निर्माण विभाग के गेस्टहाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार ने चुनाव के समय जो वादे किए थे, उन्हें पूरा किया है। प्रदेश के लोगों की उम्मीदों पर हमारी सरकार खरी उतरी है। वर्ष 2017 में विधानसभा चुनाव में सपा को सबसे अधिक सीटें मिलेंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने जो भी वादे किए थे, उन्हें अब तक पूरा नहीं किया।
इसी कारण जनता का भाजपा सरकार से भरोसा उठ गया है। बसपा सुप्रीमों की दशा खराब हो गई। उनकी पार्टी के बडे़ नेता एक-एक करके पार्टी से टूटते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा की बेहतरी के लिए काम किया गया है।
नए शिक्षासत्र में परिषदीय स्कूलों के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिलेगी। पिछली गैर सपा सरकारों ने परिषदीय स्कूलों में परीक्षा की व्यवस्था को खत्म कर दिया था, लेकिन हमारी सरकार ने बच्चों में उत्साह लाने के लिए परीक्षा व्यवस्था को शुरू किया है।