रायबरेली। सीएए और एनआरसी के विरोध के साथ ही अन्य मांगों को लेकर बुधवार को भारत बंद का मिलाजुला असर रहा। कई मोहल्लों में दुकानें बंद रहीं तो शहर के अन्य क्षेत्रों में रोज की तरह दुकानें खुली रहीं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरे शहर में भारी पुलिस बल तैनात रहा। संवेदनशील क्षेत्रों पर खास नजर रही। मांगों को लेकर विरोध मार्च भी निकाला गया।
जिले में ओपी यादव यूथ ब्रिगेड ने सभी मांगों के समर्थन करते हुए भारत बंद में भागीदारी निभाई। ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष संजय पासी ने साथियों के साथ बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद सीएए व एनआरसी के विरोध में नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि आज देश महंगाई, मंदी, भुखमरी, बेकारी, बेरोजगारी, बीमारी, लाचारी से गुजर रहा है।
देश का विकास अवरुद्ध है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। संवैधानिक संस्थाओं को सरकार अपनी सुविधानुसार नियंत्रित कर रही है। सभी बातों से ध्यान हटाने के लिए सरकार सीएए लेकर आई है, जो संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है। आंदोलन में देशराज पासी, सुरेश, राहुल, धीरज, राजाराम आदि मौजूद रहे। भाकपा नेता विजय विद्रोही ने सरकार के कार्यों पर नाराजगी जताई।
बताया कि महिलाओं के साथ ही बड़े पैमाने पर मुकदमे के नोटिस भेजे जा रहे हैं। विरोध में लोगों ने मार्च भी शहर में निकाला। मुंशीगंज कस्बे में भी बंदी का मिलाजुला असर रहा। नगर पंचायत परशदेपुर में भारत बंद का असर रहा। जिले के अन्य क्षेत्रों में बंद का मिलाजुला असर रहा।