रायबरेली। कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बार यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम आने के बाद स्कूल-कॉलेज बड़ा कार्यक्रम या समारोह नहीं मना पा रहे हैं, लेकिन अपनी सफलता का गुणगान करने के साथ ही मेधावियों को सम्मानित करने से भी नहीं चूक रहे हैं। इसीलिए कहीं स्कूल-कॉलेज में ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए छोटा सा कार्यक्रम किया जा रहा है तो कहीं मेधावियों के घर जाकर उन्हें सम्मान से नवाजा जा रहा है।
इस काम में विभिन्न संगठन और शिक्षक नेता भी पीछे नहीं है। गदागंज प्रतिनिधि के मुताबिक बदलू जगन्नाथी मौर्य स्मारक इंटर कॉलेज दीनशाह गौरा में राखी मौर्य और गरिमा जायसवाल ने सर्वाधिक अंक अर्जित करके विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। शिवांश पांडेय, शिवानी, शिवेंद्र सिंह, हिमांशु यादव, जतिन सोनी ने भी नाम रोशन किया। प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने बताया कि परीक्षाफल शत-प्रतिशत रहा। प्रबंधक शिवा मौर्या ने मेधावियों के बेहतर भविष्य की कामना की।
शिक्षक नेता उमाशंकर चौधरी ने बुधवार को बोर्ड परीक्षा में सफलता अर्जित करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को उनके घर या फिर स्कूल जाकर सम्मानित किया। इंटरमीडिएट परीक्षा में जिला टॉप करने वाली बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज गंगागंज की छात्रा अर्चना कुमारी एवं उसके पिता को घर जाकर प्रतीक चिह्न भेंट किया। शहर के वीणा पाणि इंटर कॉलेज में मेधावी छात्रा सपना पाल, वैशाली शर्मा, सुप्रिया यादव, आरूषी श्रीवास्तव को भी सम्मान से नवाजा। इस मौके पर अंकित सिंह, संतोष ुमार पटेल, अनूप कुमार चौधरी आदि मौजूद रहे।
सर्वोदय इंटर कॉलेज केलौली में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के साथ ही उन्हें स्कूल बैग देकर प्रोत्साहित किया गया। मनीष गुप्ता, अंजली पाल, आशू वर्मा, विकास यादव, शालिनी देवी, कोमल, अपर्णा अवस्थी, सूरज साहू, इस्तिखार अहमद, यश पाल आदि ने अपनी मेधा से विद्यालय का नाम रोशन किया है। सर्वश्रेष्ठ शिक्षण कार्य के लिए मोहनीश त्रिवेदी ने दीपक पांडेय, विजय सिंह यादव को सम्मानित किया। प्रबंधक सुंदर लाल त्रिवेदी ने मेधावियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। कमलाकर त्रिवेदी, राजा बाबू मिश्रा, प्रवीण त्रिवेदी, आशीष त्रिपाठी, रेखा अवस्थी, संध्या सिंह, बुशरा नाज, कीर्ति यादव, प्रियंका आदि मौजूद रहे।
शांति मनोहर इंटर कॉलेज मुराईबाग में बुधवार को मेधावियों का माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया गया। हाईस्कूल की छात्रा साक्षी त्रिवेदी ने 535 अंक प्राप्त करके जिले की वरीयता सूची में स्थान बनाया। इंटरमीडिएट में सचिन मौर्य ने अपनी मेधा का परिचय दिया। प्रबंधक संदीप चौधरी और प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह ने सभी छात्र-छात्राओं का मुंह मीठा कराया। पखरौली स्थित आर्यन दीप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का नाम रोशन करने वाली हाईस्कूल की छात्रा कुमारी अंजली को प्रबंधक गणेश साहू, प्रधानाचार्य यामिनी साहू ने सम्मानित किया। प्रमोद यादव, बीएल वर्मा, वीरभान सिंह, आशीष जायसवाल आदि उपस्थित रहे।
अमेठी जिले के बहादुरपुर विकास क्षेत्र में ओदारी स्थित अली मियां पब्लिक इंटर कॉलेज में मेधावियों को मिठाई खिलाई गई। प्रधानाचार्य मोहम्मद इसराईल नदवी ने मेधावियों का माल्यार्पण कर उन्हें सम्मानित किया। प्रबंधक मौलाना असदुल्लाह नदवी ने बताया कि कॉलेज के 110 हाईस्कूल और 48 इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में भाग लिया था, जिसमें सभी सफल हुए। प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य ने छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना की।
अमेठी जिले में हाईस्कूल की परीक्षा में टॉप करने वाले मेधावी छात्र यश पांडेय को जिलाधिकारी अरुण कुमार ने सम्मानित किया। सिंहपुर विकास क्षेत्र के राजा फत्तेपुर स्थित डॉ. प्रताप नारायण मिश्र स्मारक इंटर कॉलेज के छात्र यश पांडेय पुत्र अमरेश पांडेय ने हाईस्कूल की परीक्षा में जिला स्तर पर टॉप किया। विनोद कुमार पुत्र साहबदीन ने चौथा स्थान बनाया। अमेठी डीएम ने जिला मुख्यालय पर बुलाकर दोनों ही छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानिनत किया। विद्यालय प्रबंधक उपेंद्र मिश्र ने बताया कि मेधावियों ने अपनी सफलता से विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। धर्मेश मिश्र, रंजीत पांडेय, सुजीत, दद्दन मिश्र आदि ने भी खुशी जताई है।