फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raebareli News: दिल्ली हाईकोर्ट में लगा दिया फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र

Sun, 09 Nov 2025 12:58 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रायबरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
रायबरेली। जिले में जन्म प्रमाणपत्रों बनाने के फर्जीवाड़े की पुष्टि के बाद अब मृत्यु प्रमाणपत्र का खेल उजागर हाे गया। जिला अस्पताल से बने फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र को दिल्ली हाईकोर्ट में लगा दिया गया। आशंका पर हाईकोर्ट के आदेश पर दिल्ली पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर जांच की। इस पर फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
विज्ञापन


अस्पताल के अभिलेखों में मृतक का नाम अंकित नहीं मिला, जबकि प्रमाणपत्र पर सबसे ऊपर जिला अस्पताल रायबरेली लिखा है। नीचे अधिकारी के हस्ताक्षर के साथ मोहर लगी है। जिला अस्पताल की रिपोर्ट लेकर दिल्ली पुलिस लौट गई। दिल्ली हाईकोर्ट में विनोद रावत बनाम स्टेट के मुकदमा संख्या 2236/ 2025 में मृत्यु प्रमाणपत्र लगाया गया है। यह मृत्यु प्रमाणपत्र जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के नरेथुआ गांव निवासी विजय कुमार (50) पुत्र शियाराम का है।

पंजीयन संख्या डी-2024 : 9-90347-004023 के माध्यम से बीती एक नवंबर को मृत्यु प्रमाणपत्र जारी किया गया। जारी किए प्रमाणपत्र पर जिला अस्पताल रायबरेली लिखा हुआ है। अधिकारी के फर्जी हस्ताक्षर के साथ ही जिला अस्पताल की मोहर भी लगाई गई है। मौत का स्थान नरेथुआ दिखाया गया है। प्रमाणपत्र के अनुसार, यह मौत बीती 29 अक्तूबर को हुई है।
विज्ञापन


दिल्ली हाईकोर्ट ने आशंका होने पर दक्षिणी दिल्ली के महरौली थाने की पुलिस को प्रमाणपत्र का सत्यापन कराकर रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया। उप निरीक्षक वर्षा ने जिला अस्पताल के सीएमएस को पत्र भेजकर प्रमाणपत्र के सत्यापन की रिपोर्ट मांगी। गत शुक्रवार को दिल्ली पुलिस प्रमाणपत्र का सत्यापन करने के लिए जिला अस्पताल आई।

इमरजेंसी के साथ ही कार्यालय के अभिलेखों को जांचा गया, लेकिन विजय कुमार का अस्पताल में भर्ती होने का कोई साक्ष्य नहीं मिला। जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि संबंधित मृत्यु प्रमाणपत्र भी जिला अस्पताल जारी नहीं किया गया है।



दिल्ली में फ्लावर डेकोरेशन का करता था काम
नरेथुआ निवासी मृतक विजय कुमार दिल्ली में फ्लावर डेकोरेशन का काम करता था। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले सप्ताह विजय की मौत दिल्ली में हॉर्टअटैक से हुई थी। उसका शव दिल्ली से लाया गया था। ग्रामीणों को उनके मृत्यु प्रमाणपत्र के संबंध में कोई जानकारी नहीं है। दिल्ली हाईकोर्ट का मामला भी ग्रामीणों के संज्ञान में नहीं है।


क्यूआर कोड में मृतक का ही ब्योरा
क्यूआर कोड को स्कैन करके फर्जी प्रमाणपत्र की जांच की जा सकती है, लेकिन विजय कुमार के फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र पर अंकित क्यूआर कोड को स्कैन करने पर उसी का डिटेल प्रदर्शित हो रहा है। जिला अस्पताल का दावा है कि यहां से प्रमाणपत्र जारी नहीं किया गया तो आखिरकार यह प्रमाणपत्र कहां से बनाया गया।

जिला अस्पताल से विजय कुमार का मृत्यु प्रमाणपत्र जारी नहीं किया गया। संबंधित तारीख में उसे भर्ती करके इलाज भी नहीं किया गया। दिल्ली पुलिस को रिपोर्ट भेज दी गई है।
विज्ञापन

- पुष्पेंद्र कुमार, सीएमएस, जिला अस्पताल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें