प्रभारी मंत्री की मौजूदगी में आज सात फेरे लेंगे 181 जोड़े
रायबरेली। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 25 जून को आईटीआई परिसर में 181 जोड़े एक दूजे के हो जाएंगे। प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता का कार्यक्रम भी आ गया है। प्रभारी मंत्री की मौजूूदगी में जोड़े सात फेरे लेंगे। सोमवार को शादी की तैयारियों को पूरा कराने में अधिकारी लगे रहे।
निराश्रित, निर्धन परिवारों की विवाह योग्य कन्या, विधवा, परित्याक्ता, तलाकशुदा महिलाओं के विवाह के लिए शादी अनुदान के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी शादी योजना के तहत कराई जाती है।
योजना में 35000 रुपये प्रति कन्या के खाते में भेजे जाएंगे। 10-10 हजार रुपये का सामान दिया जाएगा। छह-छह हजार रुपये के हिसाब से ब्याह की तैयारियों और खातिरदारी में खर्च किया जाता है। सामाजिक, धार्मिक मान्यता एवं परम्परा व रीति-रिवाज के अनुसार विवाह करने की व्यवस्था की गई है।
एडीएम डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, एसीएमओ डॉ. एसके चक, समाज कल्याण अधिकारी रामचंद्र दुबे, सिटी मजिस्ट्रेट जयचंद पांडेय, जिला विकास अधिकारी एके वैश्य तैयारियों को पूरा कराने में जुटे हैं। समाज कल्याण अधिकारी रामचंद्र दुबे ने बताया कि 181 गरीबों की बेटियों की शादी 25 जून को होगी। इसके लिए तैयारियों को लगभग पूरा करा लिया गया है।