शहर के रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री।
रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें देर से आईं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई। वंदेभारत भी लेटलतीफी से जूझी। ट्रेन के इंतजार में ज्यादातर यात्रियों को प्लेटफार्म पर टहलना पड़ा।
सोमवार को चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस डेढ़ घंटे देर से आई। सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस, देहरादून-बनारस जनता मेल, बनारस-देहरादून जनता मेल, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल, बनारस-नई दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस और प्रयागराज-कानपुर पैसेंजर एक घंटे विलंब से पहुंची।
प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस, शक्ति नगर-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस, लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर आधे घंटे देर से पहुंची। प्रयागराज जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस 10 मिनट से ज्यादा देर से आई। शाम को गोरखपुर जाने वाली वंदेभारत भी लेट रही।
रविवार रात नई दिल्ली-बनारस काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस दो घंटे, प्रयागराज-लखनऊ पैसेंजर व प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस, वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस व कानपुर-रायबरेली पैसेंजर पौन घंटे विलंब से पहुंची। ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को काफी असुविधा हुई।
यातायात निरीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि सभी ट्रेनें पहले से ही लेट होने के कारण देर से पहुंची हैं। लंबी दूरी की ट्रेनें अक्सर लेट हो जाती हैं। जिले में कोई ट्रेन प्रभावित नहीं हुई।