जिले में चौथी बार आंधी पानी से एक बार फिर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी हो गई। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक अंधेरा छाया गया। कई जगह बिजली के पोल टूट गए। कहीं-कहीं तो बिजली की लाइनों पर पेड़ गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई।
सबसे खराब हालत ग्रामीण अंचलों की है। कहीं पेड़ गिरे तो कहीं खंभे टेढ़े हो गए। देर शाम तक शहर व ग्रामीण अंचलों में बिजली गुल रही। शाम पांच आंधी-पानी से एक बार फिर से विद्युत आपूर्ति चरमरा गई।
अमावां ट्रांसमिशन से जुड़े सब स्टेशन मिलएरिया, सिधौना, आईटीआई, गोराबाजार, आइटीआई व त्रिपुला से जुटे सब स्टेशन इंदिरा नगर, डीह, फुरसतगंज, छतोह, कठगर उपकेंद्रों की आपूर्ति ठप हो गई। महराजगंज-बछरावां मार्ग पर रमपुरा गांव के पास शीशम का पेड़ गिरने से बिजली के तार और खंभे टूट गए। इसके चलते तहसील क्षेत्र की आपूर्ति बाधित हो गई।
परशदेपुर क्षेत्र में कई जगह पेड़ गिरने से खंभे टूट गए। इससे पूरे क्षेत्र की आपूर्ति ठप हो गई। डलमऊ ट्रांसमिशन से गदागंज, उतरपारा, कठगर सब स्टेशन की आपूर्ति बाधित रही। वहीं कई गांवों में खंभे टूटने से लाइनें ध्वस्त हो गई। इससे ग्रामीणों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। खीरों प्रतिनिधि के मुताबिक तेज आंधी और बारिश से क्षेत्र में कई जगह विद्युत पोल टूटने से क्षेत्र की आपूर्ति ठप हो गई।
इससे क्षेत्र की आपूर्ति ठप हो गई। इसके अलावा राही, हरचंदपुर, अमावां, बछरावां, सलोन, ऊंचाहार, जगतपुर समेत अन्य ब्लॉक क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति का यही हाल रहा। कहीं बिजली के पोल टूट जाने से आपूर्ति बाधित रही, तो कहीं बिजली की लाइन पर पर पेड़ और उनकी शाखाएं गिरने से बिजली सप्लाई बाधित रही।
आपूर्ति बहाल करने के हो रहे प्रयास
आंधी-पानी से कई जगह विद्युत पोल टूट गए हैं। इससे ग्रामीण अंचलों की कई लाइनें ब्रेक डाउन में हैं। शहर में आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं ग्रामीण अंचलों में लाइनों की मरम्मत का काम चल रहा है। -एके श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता पावर कॉर्पोरेशन