जिला अस्पताल में पिटाई से घायल महिला से पूछताछ करती पुलिस।
रायबरेली। दीवानी कचहरी में सोमवार को तलाक मांगने पर पति ने पत्नी के सिर पर फरसे से हमला कर दिया। इससे पत्नी घायल हो गई। बीच-बचाव में दो अधिवक्ता भी जख्मी हो गए। घटना से कचहरी परिसर में अफरातफरी मच गई। घायल महिला का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
अमेठी जिले के जायस कोतवाली क्षेत्र के सूबेदार का पुरवा की रहने वाली सीमा (28) के मुताबिक आठ साल पहले उनकी शादी कानपुर देहात के डेरापुर थाना क्षेत्र के मोहनसिंह का पुरवा निवासी मिथुन के साथ हुई थी। ढाई साल से पति से विवाद चल रहा है। वह पति से तलाक लेना चाहती है। पति ने भी तलाक देेने पर रजामंदी जताई थी।
सोमवार सुबह वह दीवानी कचहरी आई थी। वकील के पास बैठी थी। इसी दौरान तलाक का पति ने विरोध किया और फरसे से हमलाकर उन्हें घायल कर दिया। वकीलों ने किसी तरह बीच-बचाव करके मामले को शांत कराया। दो वकीलों की अंगुलियों में चोटें आईं।
अधिवक्ता ओम प्रकाश वर्मा के मुताबिक सीमा उनके पास आई थी। बताया था कि पति की रजामंदी है। हम दोनों को तलाक चाहिए। तभी पति आया और पत्नी पर हमला कर दिया। दोनों के एक बेटा और एक बेटी हैं।
सदर कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह के मुताबिक महिला गुड़गांव में रहकर प्राइवेट नौकरी करती है, जबकि पति रायबरेली के गुरुबख्शगंज क्षेत्र में रहकर फेरी लगाने का कार्य करता है। पत्नी की तहरीर पर आरोपी पति मिथुन पर जानलेवा हमले का केस दर्ज कर लिया गया है। उसे जेल भेजा जा रहा है।