रायबरेली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मास्टर्स टेनिस प्रतियोगिता के समापन पर ट्रॉफी के साथ विजेता
रायबरेली। इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (आईटीएफ) के संयोजन में आयोजित मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट में पांचवें व अंतिम दिन बुधवार को कई वर्गों के फाइनल मुकाबले हुए। रोमांचक मुकाबले देखने के लिए काफी संख्या में खेल प्रेमी पहुंचे। मेजर निर्भय सिंह ने 30 वर्ष आयु वर्ग के फाइनल मुकाबले में उत्तराखंड के टॉपर खिलाड़ी शौर्य वर्मा को 6-0 एवं 6-0 से हरा कर जीत हासिल की।
45 वर्ष आयु वर्ग के फाइनल मुकाबले में अमित तिलक ने सत्या पाठक को 6-1 एवं 6-0 से शिकस्त दी। महिला खिलाड़ियों के फाइनल मुकाबले भी काफी रोमांचक रहे। सीनियर वर्ग में अमिता मौर्या ने मोनिका सिंह को 6-2 एवं 6-2 से हराया, वहीं दूसरे वर्ग में सलोनी ने विमुक्ति सिंह को 6-0 एवं 6-0 से शिकस्त दी। पुरुष वर्ग के युगल मुकाबलों का फाइनल मैच कांटे की टक्कर वाला रहा।
प्रकाश बिष्ट और पुष्पेंद्र शर्मा की जोड़ी ने हृदेश पाल और शौर्य वर्मा की जोड़ी को 6-2 एवं 6-4 से हराकर फाइनल मैच जीत लिया। लक्ष्मण सिंह ने 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के एकल मुकाबले में जीत हासिल की। युगल में लखनऊ के अनिल कुमार और लक्ष्मण सिंह की जोड़ी ने लखनऊ के मनीष सिंह और पीयूष कुसुमवाल ने 6-2, 2-6 एवं 10-8 से हराया।
मटिहा स्थित गोल्ड स्मिथ स्पोर्ट्स एकेडमी में आयोजित पांच दिवसीय टूर्नामेंट के समापन पर मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष शत्रुघ्न सोनकर, क्षेत्राधिकारी लालगंज अमित सिंह और नगर पालिका परिषद के अधिशाषी अधिकारी स्वर्ण सिंह से खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। विजेता और उप विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र दिए गए।
टूर्नामेंट सचिव मो. अयाज और टेनिस सचिव श्वेता वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। संजय वर्मा और हशमत अली ने आभार जताया। टूर्नामेंट में इस देश के अलावा बेल्जियम, कनाडा, अमरीका से भी खिलाड़ी शामिल हुए। प्रतिभागियों ने भरोसा दिलाया कि अगले वर्ष और अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।