केंद्र सरकार के पुराने नोट बंद करने के फैसले के बाद अब स्थिति कुछ सामान्य होती दिख रही है। यही वजह है कि बैंकों में भीड़ छंट गई है। हालांकि अब एटीएम में लेनदेन के लिए ग्राहकों की लाइनें लग रही हैं। अंगुली में स्याही लगाए जाने के आदेश को भीड़ कम होने की वजह बताई जा रही है। वहीं देहात क्षेत्रों के डाकघरों में धन की कमी से ग्राहकों को जरूर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शहर के कैनाल रोड पर लगा पीएनबी का एटीएम शुक्रवार को चालू था।
यहां धन निकासी के लिए लोगों की लाइन लगी नजर आई। नोट बंदी के बाद यह एटीएम भी बंद चल रहा था, लेकिन इसके चालू होने से ग्राहक बैंक के बजाय एटीएम की लाइन में लगे रहे। इसी तरह अन्य बैंकों के बंद चल रहे एटीएम काम करने लगे हैं। इस कारण बैंक शाखाओं पर दबाव कम हुआ है। ठसाठस भरे रहने वाली बैंक शाखाओं में शुक्रवार को भीड़ कम दिखी।
बैंक ऑफ बड़ौदा, भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक समेत अन्य बैंकों में भीड़ कम रही। बैंकों में रुपया जमा करने और निकासी करने पहुंचे लोगों के अंगुलियों पर स्याही लगाई गई। इसके बाद वह लेनदेन कर पाए। घंटाघर प्रधान डाकघर के काउंटर से तो लोगों के विड्राल किए जा रहे हैं, लेकिन जिले के उप डाकघरों व ग्रामीण डाक घरों में अब तक नई करेंसी नहीं पहुंची है।
इससे ग्राहकों को इंतजार करना पड़ रहा है। डलमऊ, सलोन, बछरावां समेत क्षेत्रों के उप डाकघरों में धन की कमी से ग्राहक परेशान हैं। प्रभारी जिला लीड बैंक प्रबंधक सौरभ कुमार का कहना है कि हालात सामान्य हो रहे हैं। बैंकों में भीड़ छंट रही है। डाकघरों को भी भुगतान के लिए धन उपलब्ध कराया जा रहा है। जल्दी ही वहां भी बेहतर तरीके से भुगतान शुरू हो जाएगा।
12 बजे के बाद खत्म हो जाता रुपया, किया प्रदर्शन
राही (रायबरेली)। ब्लॉक क्षेत्र के बैंक आफ बड़ौदा शाखा लोधवरी में तीन दिन से धन न मिल पाने से खफा खाताधारकों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। खाताधारकों का आरोप है कि तीन दिन से बैंक के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन बिना रुपया लिए वापस लौटने को मजबूर हैं। किसानों ने बैंक के कर्मचारियों पर मनमानी करने का आरोप लगाया है।
राही ब्लॉक क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा लोधवारी की शाखा में रुपया निकालने और जमा करने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ जुट रही है। यहां पर पुराने नोट तो जमा की जाती हैं, लेकिन रुपया निकालने में कर्मचारी मनमानी करते हैं। खाताधारक सर्वेश कुमार, अंकिर मौर्या, राजकुमार, प्रदीप मौर्य, केशपति, छोटे सिंह, होरीलाल साहू ने आरोप लगाया कि बैंक में दोपहर तक ही रुपया बदले जाते हैं।
शाखा के कर्मचारी अपने चहेतों को पहले रुपया दे देते हैं। लाइन में लगे लोगों को यह कहकर वापस कर दिया जाता है कि अब बैंक में रुपया खत्म हो गया है। तीन दिन से बैंक से लौटना पड़ रहा है। शाखा प्रबंधक सत्यार्थी पटेल ने बताया कि रुपया निकालने में भेदभाव नहीं किया जाता है, जितना रुपया मिलता है कि उसे खाताधारकों को दिया जाता है।
उप डाकपाल पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप
तिलोई (रायबरेली)। तिलोई क्षेत्र के शाखा डाकघर कुशमौरा के शाखा डाकपाल रामदास कुरील ने डाक अधीक्षक को भेजे पत्र में तिलोई उपडाकघर के उप डाकपाल पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। रामदास का आरोप है कि शाखा डाकघर में भुगतान के लिए धन की कमी है। धन की मांग करने तिलोई उप डाकघर पहुंचे थे।
धन की मांग करने पर उप डाकपाल ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने डाक अधीक्षक को पत्र लिखकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं उप डाकपाल सुशील वाजपेयी का कहना है कि प्रधान डाकघर से धन उपलब्ध होने पर सभी शाखा डाकघरों को धन भेजा जाएगा। शाखा डाकपाल का आरोप गलत है।