जायस (रायबरेली)। अब महाराष्ट्र के पुणे से अपने घर बस्ती के लिए दो बाइकों पर सवार होकर निकले चार युवकों को पुलिस ने फिर रोक लिया। दो दिन पहले भी पुणे से कुशीनगर जा रहे स्कूटी सवार दो युवकों को पकड़ा गया था। शनिवार को फिर चेकिंग में रोके गए चारों युवकों का मेडिकल परीक्षण करने के साथ ही क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया। इन सभी युवकों के सैंपल भी लिए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
दूसरे प्रांतों में दिहाड़ी मजदूरी, ठेला-ठेलिया या अन्य कोई काम करके रोज कमाने-खाने वाले लोग लॉकडाउन से परेशान हैं। हर कोई अपने घर लौटने को लेकर परेशान हैं। यही वजह है कि आए दिन कोई न कोई किसी न किसी साधन से निकल पड़ता है। पड़ोसी जिले रायबरेली में कोरोना मरीजों की संख्या को देखते हुए अमेठी जिले की सीमाएं सील की गई हैं।
जायस कोतवाली क्षेत्र में चौकी बहादुरपुर पुलिस ने चेकिंग बढ़ा दी है। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार युवकों को रोका गया। ये सभी लोग रायबरेली की ओर से आ रहे थे। चौकी प्रभारी उमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पूछताछ में चारों युवकों ने अपना नाम रामप्रकाश, सूरज, राघवेंद्र और रफीक बताया है।
चौकी इंचार्ज के मुताबिक, चारो युवक बस्ती जिले के रहने वाले हैं और पुणे में प्राइवेट जॉब करते हैं। लॉकडाउन से कामधंधा बंद हो गया। जो बचाकर रखा था, वह सब खत्म हो गया। भूखों मरने की नौबत आने लगी तो बाइक से ही 22 अप्रैल को अपने घर की ओर चल दिए। कई प्रदेशों और जिलों की सीमाएं पार करने के बाद आखिरकार अमेठी जिले के जायस कोतवाली क्षेत्र में रोक लिए गए।
चौकी प्रभारी ने बताया कि चारों को उपजिलाधिकारी तिलोई के निर्देश पर मालिक मोहम्मद भारती इंटर कॉलेज जायस में 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया गया। इन चोरों का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही कोरोना की जांच के लिए सैंपल भी लिए जाने के निर्देश स्वास्थ्य टीम को दिए गए हैं।