रायबरेली। आंचलिक विज्ञान नगरी लखनऊ की सचल प्रदर्शनी सोमवार को सतांव विकास क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय शंकरगंज पहुंची, जहां छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी में मॉडल को देखा और विज्ञान की बारीकियों को समझा। यह प्रदर्शनी एक बस में बनाई गई है। यह आकर्षक बस विद्यालय में खड़ी रही। साथ आए विशेषज्ञों ने बच्चों को विज्ञान के महत्व और इसके लाभों से परिचित कराया।
सचल विज्ञान प्रदर्शनी में दैनिक जीवन में मशीन विषय पर आधारित 20 स्वचालित एवं हस्तचालित प्रदर्श (माॅडल) सजाए गए हैं। इस प्रदर्शनी में विद्यार्थियों को विज्ञान आधारित फिल्म दिखाई गई और विज्ञान व्याख्यान भी हुआ। आंचलिक विज्ञान नगरी से आई टीम में शामिल आशु, रमेश कुमार, सूरज कुमार यादव ने बताया कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से दैनिक जीवन में मशीनों की उपयोगिता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
उन्होंने कहा कि मशीनें हमारे जीवन के हर पहलू में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। घरेलू कार्य से लेकर परिवहन, उद्योग, उत्पादन और संचार तक मशीनों ने हमारे जीवन को सरल, तेज और सुविधाजनक बनाया है। प्रधानाध्यापक सविता सिंह ने बताया कि प्रदर्शनी में सजे मॉडल को देखने के लिए लगभग 160 बच्चे जुटे, जिन्होंने हर एक मॉडल से कुछ न कुछ सीखा और विज्ञान को समझा। विज्ञान के कई सिद्धांतों को सरल तरीके से समझाया गया।