जगतपुर क्षेत्र के तिवारीपुर गांव में पाइप लाइन लीकेज होने से सड़क किनारे बहता पानी।
रायबरेली। जगतपुर क्षेत्र की तिवारीपुर ग्राम सभा में जल जीवन मिशन के तहत डाली गई नई पाइपलाइन में रिसाव हो गया। शनिवार को पानी छोड़ते ही जगह-जगह रिसाव के कारण घरों तक स्वच्छ पानी नहीं पहुंच सका।
इससे ग्रामीणों को दूषित पानी पीना पड़ रहा है और पेयजल संकट बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि पानी की टंकी बने एक साल हो गया, लेकिन समस्या जस की तस है। तिवारीपुर ग्राम पंचायत के शिकंदरपुर और छीछेमऊ पुरवों की आबादी करीब एक हजार है। ग्रामीणों के अनुसार, सुबह पानी छोड़ा गया तो वह टोंटियों की बजाय सड़कों और गलियों में बहने लगा।
सूचना मिलने पर पानी की आपूर्ति बंद कर दी गई, लेकिन रिसाव ठीक नहीं किए गए। ग्रामीणों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि उन्हें हैंडपंपों का दूषित पानी पीना पड़ रहा है। जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता आरवी सिंह ने बताया कि अभी टेस्टिंग का काम चल रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि रिसाव ठीक होने के बाद ही जलापूर्ति शुरू की जाएगी।