सलोन। सोनबरसा गांव निवासी एवं सपा बूथ अध्यक्ष शशिधर यादव (45) के शव का मंगलवार को गोकना गंगाघाट पर अंतिम संस्कार किया गया। घटना के तीसरे दिन गांव का माहौल शांत दिखा। वारदात को लेकर लोगों में नाराजगी दिखी। सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। गांव में पुलिस बल तैनात है। वारदात में शामिल मुख्य आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। बुधवार को पुलिस पूरे मामले से परदा उठाएगी।
गांव निवासी शशिधर की रविवार दोपहर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई थी। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया था, जब शशिधर पशुओं के लिए चारा काटने खेत गए थे। सोमवार को परिजनों ने आर्थिक मदद, सुरक्षा दिलाने आदि की मांग को लेकर शव का अंतिम संस्कार नहीं किया था। डीएम से मिलने के बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हुए थे।
सुबह परिजन ऊंचाहार क्षेत्र के गोकना गंगा घाट पहुंचकर शव का अंतिम संस्कार किया। पिता की हत्या से बेटे अनुज यादव, बेटी सारिका यादव गमगीन हैं। बेटे अनुज की तहरीर पर गांव निवासी मनोज पासी, उसके भाई विनोद कुमार और राजकुमार के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। मनोज को हिरासत में लिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि सपा नेता के शव का अंतिम संस्कार हो गया है। माहौल पूरी तरह से शांत है। हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ चल रही है। अब तक की जांच में पाया गया है कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार है। बुधवार को पूरे मामले का खुलासा होगा।