रायबरेली। शहर में नजूल की जमीन हथियाने का खुलासा हुआ है। न्यू विजन पब्लिक स्कूल सरकारी जमीन पर संचालित किया जा रहा है। शिकायत पर एसडीएम सदर शशांक त्रिपाठी ने इसकी पड़ताल कराई तो सच उजागर हुआ और हड़कंप मच गया।
मामले की रिपोर्ट दाखिल कर एसडीएम सदर न्यायालय में बेदखली का मुकदमा दर्ज किया गया है। एसडीएम का कहना है कि जल्द एंटी भूमाफिया की कार्रवाई होगी।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि शहर के मोहल्ला आजाद नगर में संचालित न्यू विजन पब्लिक स्कूल के द्वारा नजूल भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत पर तहसील प्रशासन ने जांच कराई गई थी।
अभिलेख और स्थलीय जांच होने पर पाया गया कि स्कूल का नाम मात्र 480 वर्ग मीटर भूमि अभिलेखों में अंकित है। यह भूमि स्कूल के प्रबंधक आमिर बेग के नाम पर है। स्कूल द्वारा कुल कब्जा 3613 वर्ग मीटर भूमि पर किया गया है, जिसमें 3133 वर्ग मीटर नजूल भूमि पर अवैध कब्जा है।
एसडीएम ने बताया कि नजूल भूमि पर कब्जा कर स्कूल भवन, प्ले ग्राउंड और बाउंड्री का निर्माण किया गया है। मामले की रिपोर्ट दाखिल कर न्यायालय में बेदखली का मुकदमा दर्ज किया गया है। बेदखली का फैसला होने पर अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुलूपुर गांव के पास छह बीघे सरकारी जमीन को भूमाफियाओं ने अपने नाम दर्ज करा लिया था। इसी हफ्ते इसका खुलासा हुआ था। जांच में खुलासा होने पर जमीन बेदखली करके उस भूमि का पुलिस चौकी के नाम करा दिया गया है।
अब न्यू विजन पब्लिक स्कूल के नजूल की जमीन पर चलने का खुलासा हुआ है। इससे जाहिर है कि सदर तहसील में किस तरह जमीन हथियाने को लेकर खेल किए गए हैं। कहा जा रहा है कि कई और मामलों की जांच चल रही है। जल्द शहर स्थित नजूल की जमीन हथियाने के और मामलों का खुलासा होगा।
न्यू विजन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक आमिर बेग ने बातचीत में बताया कि जिस जमीन पर स्कूल संचालित हो रहा है, उस जमीन की उन्होंने कई रजिस्ट्री कराई है। सरकारी जमीन पर कब्जा नहीं किया है।