रायबरेली। लालगंज कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ के दौरान पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से एक सिपाही और बदमाश घायल हुआ। पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने सराफा व्यवसायी के साथ हुई लूट की घटना को अंजाम देने की बात कबूली। इनके पास से लूट के जेवरात भी बरामद किए गए। पुलिस पकड़े गए बदमाशों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है। सभी पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस कार्यालय में शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक नित्यानंद राय ने बताया कि लालगंज कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को सराफा व्यवसायी एवं भाजपा नेता आशीष वाजपेयी से बदमाशों ने एक किलो चांदी, 20 ग्राम सोना लूटा था। पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई ने वारदात के खुलासे के लिए स्थानीय पुलिस के अलावा एसओजी टीम को लगाया गया था। मुखबिर से शुक्रवार देर रात सूचना मिली कि मगही मोड़ के पास बदमाश आपस में लूटे गए सामान का बंटवारा कर रहे हैं। इस पर लालगंज कोतवाल हरिशंकर प्रजापति, एसओजी टीम प्रभारी अमरेश कुमार त्रिपाठी ने टीम के साथ छापा मारा।
छापा मारते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। फायरिंग में एक गोली बदमाश रत्नेश कुमार यादव के पैर में लगी, जबकि एक गोली एसओजी टीम के सिपाही सुरेश वर्मा के कंधे पर लगी। सिपाही और बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि सराफा व्यवसायी के साथ हुई लूट के मामले में भदोखर थाना क्षेत्र के पूरे मेहरबान मजरे बेहटाखुर्द गांव निवासी रत्नेश कुमार यादव उर्फ सोनू के अलावा जहानपुर कोडर निवासी लवकुश यादव, मिल एरिया थाना क्षेत्र के बहेरिया का पुरवा निकट आईटीआई रतापुर निवासी छोटू उर्फ श्रीकांत, लालगंज कोतवाली क्षेत्र के सरदार सिंह का पुरवा मजरे जगतपुर रामगढ़ निवासी विमलेश यादव, नवनीत यादव उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया गया है।
इनकी निशानदेही पर 24.50 ग्राम सोने के जेवरात, दो किलो 196 ग्राम चांदी के जेवरात, दो बाइक, दो 315 बोर के तमंचे समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। एसपी ने आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट लगाने के निर्देश दिए हैं। भाजपा नेता एवं सराफा व्यवसायी के साथ हुई लूट की घटना का चंद दिनों में खुलासा करने पर एसपी ने कोतवाल और एसओजी टीम प्रभारी को बधाई भी दी है।