राही (रायबरेली)। भदोखर पुलिस ने सोमवार को श्रमिक की हत्या में शामिल कोटेदार को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। राही ब्लॉक एवं मिल एरिया थाना क्षेत्र के बंदरामऊ गांव निवासी मो. मुश्ताक (40) की बीते दिन हत्या कर दी गई थी। विकास कार्यों में कराए गए अनियमितता की शिकायत करने पर उसका कत्ल किया गया था।
मृतक के चचेरे भाई मो. जमील की तहरीर पर बंदरामऊ गांव के प्रधान संदीप यादव, उसके भाई दीपेंद्र कुमार उर्फ दीपू यादव, पिता कोटेदार गुरु प्रसाद, अशोक, रामकुमार और भदोखर थाना क्षेत्र के कंचौदा मोहिद्दीनपुर निवासी दिनेश के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया था। मामले में कोटेदार फरार चल रहा था। थानेदार राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि कोटेदार गुरु प्रसाद को पकड़कर जेल भेज दिया गया है।