फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मानसून की दस्तक, झमाझम बारिश

Wed, 22 Jun 2016 11:43 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ रायबरेली
विज्ञापन
रायबरेली में बुधवार को डिग्री कॉलेज चौराहे के पास बारिश से बचने के लिए छाता लगाकर जाती युवतियां। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 जिले में बुधवार को शहर से लेकर देहात क्षेत्रों में मानसून की पहली झमाझम बारिश हुई। बारिश में भीगकर बड़ों के साथ बच्चों ने भी खूब मौज मस्ती की। वहीं जगह-जगह जलभराव होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। नगर पालिका की ओर से जलभराव दूर कराने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी रही।
विज्ञापन


दोपहर बाद तक हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। गर्मी से लोगों को राहत मिली। ऊंचाहार क्षेत्र में पेड़ गिरने से कोठरी ढहने के कारण दो मवेशियों की मौत हो गई। इधर, कई दिन से मानसून आने का इंतजार हो रहा था। आखिर बुधवार को इंतजार की घड़िया खत्म हुई और जिले में मानसून ने दस्तक दे दी।

सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदला। शहर हो या फिर देहात क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। दोपहर तक रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश में भीगकर बड़ों के साथ बच्चों ने मौज मस्ती की। बारिश से गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन जगह-जगह जलभराव होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई।
विज्ञापन


शहर में चाणक्यपुरी, इंदिरा नगर, राना नगर, खाली सहाट, अमरीशपुरी कॉलोनी, सिविल लाइंस समेत अन्य मोहल्लों में लोगों के घरों के पास तक जलभराव हो गया। जलभराव से लोग जूझते रहे, लेकिन पालिका की ओर से पानी निकासी के इंतजाम नहीं किए गए। इससे लोगों में खासी नाराजगी रही।

यही नहीं कलेक्ट्रेट स्थित नजारत कार्यालय, बस स्टेशन, पुलिस कार्यालय समेत अन्य स्थानों पर भी जलभराव हो गया। देहात क्षेत्रों में भी यही हाल रहा। खीरों प्रतिनिधि के मुताबिक ब्लॉक परिसर स्थित प्रमुख कक्ष के सामने जलभराव हो गया।

ऊंचाहार प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र में झमाझम बारिश में तुला का पुरवा गांव निवासी वीरेंद्र के घर के एक कच्ची कोठरी पर पेड़ गिर गया। इस कोठरी में मवेशी बंधे थे। पेड़ गिरने के कारण कोठरी ढह गई। इससे दो भैंसों की मौत हो गई। इसके अलावा महराजगंज, सलोन, बछरावां, हरचंदपुर समेत अन्य क्षेत्रों में भी लोग जलभराव से जूझते नजर आए।

लालगंज कस्बे के घोसियाना मोहल्ला, पूरे बाबा, अली नगर सहित कई मोहल्लों में जल भराव की समस्या बनी रही। बाजार का दिन होने के बाद भी सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं अच्छी बारिश होने से किसानों का कहना है कि वह अब धान की रोपाई के साथ-साथ अरहर, मूंग, उरद, दलहनी और तिलहनी आदि फसलों की बुआई भी आसानी से कर सकेंगे।

जिले में मानसून की पहली बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। बारिश से धान की रोपाई के अलावा उड़द, मूंगफली समेत अन्य फसलों की बोवाई में तेजी आ सकेगी। साथ ही लोग पशुओं के लिए हरे चारा की बोवाई कर सकेंगे।

राही ब्लॉक क्षेत्र के सैदनपुर गांव के किसान अशोक त्रिवेदी, खागीपुर सड़वा के उमेश कुमार, जगतपुर क्षेत्र के दिनेश यादव, संतोष सिंह का कहना है कि बारिश खरीफ फसल के लिए बहुत फायदेमंद है। बारिश इसी तरह हुई तो निश्चित तौर से इस बार खरीफ की फसल की बोवाई का कार्य समय से हो सकेगा।

जेल रोड पर सीएमओ ऑफिस के निकट जलभराव पर नागरिकों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने नगर पालिका अफसरों के खिलाफ प्रदर्शन किया। वहीं जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की। आरोप लगाया कि नालियां पूरी तरह से कूड़े-कचरे से भरी पड़ी है।

मामूली बारिश में भी पानी भर जाता है। राजेश गुप्ता व राहुल सिंह का कहना नगर पालिका की उपेक्षा के चलते जलभराव से जूझना पड़ रहा है। सफाई के नाम पर सिर्फ खानापूरी होती है। कई बार पालिका अफसरों से सफाई कराने की मांग की गई। कभी सफाई कर्मी नजर नहीं आया। पुलकित मौर्य, शुभम, शिवांग, राजेश वर्मा आदि ने पालिका ईओ से जलनिकासी की मांग की।

लालगंज कोतवाली क्षेत्र के त्रिवेदीपुर गांव में बुधवार को बिजली गिरने से एक मवेशी की मौत हो गई। त्रिवेदीपुर गांव निवासी नन्हेलाल वर्मा की भैंस छप्पर के नीचे भैंस बंधी थी। बुधवार को बारिश के साथ-साथ तेज बिजली भी कड़क रही थी। सुबह नौ बजे अचानक बिजली कड़की और भैंस के ऊपर जा गिरी। जिससे भैंस की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें