नसीराबाद (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के बनी गांव स्थित ईंट भट्ठे में आपसी विवाद के चलते भतीजे ने चाचा को मार डाला। ईंटों और डंडों से एक के बाद एक कई प्रहार किए। इससे सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है।
छत्तीसगढ़ प्रांत के बलौदा बाजार जिले के लवन थाना क्षेत्र के कोनारी के बबलू (45) अपने भतीजे लाला के साथ यहां नसीराबाद इलाके के बनी गांव स्थित रायल बिक्र फील्ड भट्ठे पर मजदूरी करने आए थे। परिवार के अन्य लोग भी साथ में थे। लक्ष्मी पत्नी देवेंद्र के मुताबिक उनके भाई लाला और चाचा के बीच बुधवार की देर रात खाना बनाते समय किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस पर लाला ने ईंटों व डंडे से हमला करके चाचा को पीट दिया था। इससे चाचा की मौत हो गई थी।
सीओ सलोन प्रदीप कुमार के मुताबिक बहन की तहरीर पर भाई लाला के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था। आरोपी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया। घटना में प्रयुक्त ईंट व डंडा बरामद किया गया है। वहीं परिजन शव लेकर छत्तीसगढ़ चले गए।
वजह पता नहीं लगाई, बताया दिया आपसी विवाद
भट्ठे पर श्रमिक की हत्या की घटना ने नसीराबाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा दिया है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि थाना प्रभारी और उनकी टीम यह पता नहीं लगा पाई कि वास्तव में चाचा और भतीजे के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ। यहां तक पूरी घटना को छिपाए रखा गया।
घटना के दूसरे दिन सिर्फ आरोपी की गिरफ्तारी का प्रेस नोट जारी कर दिया गया। क्षेत्रीय लोगों की माने तो घटना की वजह कुछ और ही रही। पुलिस ने गुडवर्क के कारण पूरी पड़ताल नहीं की। गनीमत रही कि परिवार वाले छत्तीसगढ़ के थे। यदि वह स्थानीय होते तो पुलिस के खिलाफ उनका आक्रोश भी भड़क सकता था।