रायबरेली। जिला अस्पताल में सुरक्षा गार्डों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। मरीजों व तीमारदारों से अभद्र व्यवहार के बाद अब होली के दिन एक गार्ड ने नशे की हालत में वार्ड में खूब हंगामा किया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सीएमओ ने सुरक्षा में लगे गार्ड को हटाने का निर्देश दिया है। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
जिला अस्पताल के सीएमएस ने भी पूरे मामले की जांच करा कर कार्रवाई तय किए जाने की बात कही है। शनिवार को सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में जिला अस्पताल में तैनात एक सुरक्षा गार्ड नशे की हालत में तीमारदारों से अभद्र व्यवहार करता है। वह पहले कुर्सी पर बैठकर तीमारदारों पर रौब झाड़ता है फिर वार्ड में पहुंचकर हंगामा करता है।
कुछ जागरूक तीमारदारों ने इसकी शिकायत सीएमओ डॉ. नवीन चंद्रा से की। इसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने सीएमएस को संंबंधित गार्ड पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। सीएमएस डॉ. प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि गार्ड के खिलाफ जांच कराई जा रही है। इसमें शराब पीकर ड्यूटी करने की पुष्टि होने पर उसे हटाने के कार्रवाई तय की जाएगी।