रायबरेली। किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म करने के आरोपी बंदी अमर बहादुर ने न्यायालय में पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए उसे न्यायालय परिसर के भीतर ही पकड़ लिया।
निरंजनपुर ऊंचाहार निवासी अमर बहादुर को मंगलवार को ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट स्पेशल पॉक्सो प्रथम कोर्ट में रिमांड पेशी के लिए लाया गया था। इस दौरान उसने लघुशंका करने की बात कही। इस पर पुलिस उसे शौचालय की तरफ ले जाने लगी। इसी बीच अमर बहादुर ने पुलिस की पकड़ छुड़ा ली। वह टिन शेड से कूदकर भागने लगा। हरकत में आई पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत पकड़ लिया। बाद में उसे रिमांड के लिए कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट से रिमांड का आदेश मिलने पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
सदर कोतवाली प्रभारी शिव शंकर सिंह ने बताया कि बंदी अमर बहादुर को पुलिस रिमांड पेशी के लिए न्यायालय लाया गया था। शौचालय ले जाते समय उसने मौका पाकर भागने की कोशिश की। वह पुलिस की पकड़ से छूटकर टिन शेड से कूद गया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के कारण वह ज्यादा दूर नहीं जा सका। उसे न्यायालय परिसर के भीतर ही दोबारा पकड़ लिया गया।