राजस्व निरीक्षक गंभीर सिंह को ले जाती एंटी करेप्सन की टीम।
सतांव (रायबरेली)। भूमि पैमाइश के नाम पर पांच हजार की घूस लेते राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) को बुधवार को एंटी करप्शन की टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया। कानूनगो को गुरुबख्शगंज थाने ले जाया गया, जहां हाथ धुलवाने पर हाथ से गुलाबी रंग छूटने लगा। एंटी करप्शन की टीम लिखापढ़ी के बाद आरोपी को अपने साथ लखनऊ ले जाएगी।
लालगंज तहसील क्षेत्र ऊगाबाद गांव निवासी किसान गणेश शंकर पटेल का अपने भाइयों से भूमि विवाद काफी समय से चल रहा था। तहसील से भूमि की हदबरारी का आदेश हो चुका था। किसान गणेश शंकर के मुताबिक कानूनगो गंभीर सिंह को भूमि की पैमाइश करनी थी। तीन माह से कानूनगो भूमि की पैमाइश कराने के लिए टरका रहा था और भूमि पैमाइश करने के नाम पर पांच हजार रुपये मांग रहा था।
एक सप्ताह पहले किसान की शिकायत पर एंटी करप्शन की टीम ने कानूनगो को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई। किसान बुधवार सुबह तहसील पहुंचा और पैमाइश के लिए कानूनगो को पांच हजार रुपये दे रहा था। पहले से मौजूद टीम ने कानूनगो को घूस लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। इस कार्रवाई से तहसील में हड़कंप मच गया। इससे पहले कि तहसील में तैनात अधिकारी व कर्मचारी कुछ समझ पाते, टीम कानूनगो को लेकर गुरुबख्शगंज थाने पहुंच गई। गुरुबख्शगंज थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि एंटी करप्शन टीम द्वारा तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।