कोहरे और ठंड के कारण उत्तर रेलवे के अफसरों के निर्देश पर शनिवार को कानपुर आने-जाने वाली तीन जोड़ी ट्रेनों का परिचालन ठप कर दिया गया। इससे मुसाफिरों को काफी दिक्कत उठानी पड़ी। निर्देश से अनजान मुसाफिरों को स्टेशन पहुंचने पर काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
ट्रेन न मिलने के कारण कई यात्रियों ने रोडवेज बस का सहारा लिया तो वहीं तमाम मुसाफिरों को टैक्सियों में धक्के खाने पड़े। जानकारी के मुताबिक रेलवे ने शनिवार को कोहरे के कारण प्रयाग-कानपुर पैसेंजर (54101), कानपुर सेंट्रल-प्रयाग पैसेंजर (54102), रायबरेली से कानपुर सेंट्रल पैसेंजर वाया ऊंचाहार (54153), कानपुर सेंट्रल से रायबरेली पैसेंजर वाया ऊंचाहार (54154), रायबरेली से कानपुर सेंट्रल पैसेंजर वाया डलमऊ (54211) और कानपुर सेंट्रल से रायबरेली पैसेंजर वाया डलमऊ (54212) ट्रेनें रद्द कर दी हैं।
इन ट्रेनों से प्रतिदिन करीब डेढ़ हजार मुसाफिर सफर करते हैं। इनमें दैनिक मुसाफिरों की संख्या भी अधिक है। ट्रेनों के रद्द होने की जानकारी पहले से मुसाफिरों को नहीं थी, इससे उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ी। मुसाफिर रोज की तरह स्टेशन पहुंचे तो वहां इसका पता चला। इसके बाद किसी ने बस तो किसी ने टैक्सी का सहारा लिया।
यात्री अंकित, मृत्युंजय शुक्ला, तुषार बाजपेई, मनोज त्रिवेदी समेत अन्य दैनिक यात्रियों ने नाराजगी जताई। कहा कि यदि ट्रेनें निरस्त करनी थी तो पहले इसकी सूचना सार्वजनिक करनी चाहिए थी, लेकिन अफसरों ने इसमें लापरवाही बरती। इसका दंश मुसाफिरों को झेलना पड़ा। एसएस राकेश कुमार का कहना है कोहरे और ठंड के कारण ट्रेनें रद्द कर दी है। अगला आदेश मिलने के बाद संचालन शुरू किया जाएगा।